Bilaspur Crime: बिलासपुर में गुरुवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने सभी को हैरान कर दिया. हत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन साइट पर एक सुपरवाइजर का शव मिला. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज मिली उसे देखकर सबकुछ साफ हो गया.
वीडियो में सुनाई दी सुपरवाइजर की चीखें
सीसीटीवी फुटेज में एक नाबालिग की स्पष्ट तस्वीर दिखाई दी. वीडियो में सुपरवाइजर की चीखें भी सुनाई दे रही हैं. पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में पता चला है कि एक दिन पहले सुपरवाइजर ने पानी का छींटा पड़ने पर उसकी पिटाई की थी. इसी वजह से नाबालिग इतना नाराज हो गया कि उसने सुपरवाइजर को मौत की नींद सुलाने का फैसला कर लिया.
बदले की सनक
पुलिस पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने बताया कि बुधवार को वह साइकिल से रेलवे स्टेशन की तरफ आया था. इसी दौरान साइकिल से पानी का छींटा सुपरवाइजर को लग गया. इसी बात पर सुपरवाइजर ने नाबालिग को गालियां दीं और तीन-चार तमाचे जड़ दिए. अब नाबालिग में बदले की सनक भर गई और वह मौका तलाशने लगा.
लोहे के एंगल से किया सिर पर हमला
उसी रात को वह फिर से कंस्ट्रक्शन साइट पर आया और एक लोहे का एंगल उठाया और साइट पर सो रहे सुपरवाइजर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले में सुपरवाइजर की मौत हो गई और आरोपी वहां से भाग निकला. पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक सुपरवाइजर नरेश गुप्ता मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे उनकी पत्नी और दो बच्चे बिहार में ही रहते थे. बजरंग कंस्ट्रक्शन के मालिक सुनील सिंह को जब सुपरवाइजर नरेश गुप्ता की मौत के बारे में पता चला तो वह भी सदमे में आ गए
ये भी पढ़ेंः AAP नेता सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत, दिल्ली जल बोर्ड केस में मिली जमानत
