Vistaar NEWS

कोरबा में मलबे के सैलाब से मची तबाही! नेपाल आपदा जैसी तस्‍वीरों ने डराया, बारिश से कई इलाके जलमग्न

Car and bus trapped in the debris

मलबे में फंसी कार और बस

CG News: छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार बारि‍श से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है. प्रदेश की कई नदियां और नाले उफान पर हैं. अधिक बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. प्रदेश के कोरबा जिले से बहुत ही डरावनी तस्‍वीरे सामने आ रही है,जहां लगातार बारिश के चलते बिलासपुर-कोरबा के रास्‍ते में जगह-जगह मलबा गिरने से यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया. कनबेरी मार्ग पर मलबे की चपेट में एक और बस दब गई. वहीं कोरबा-उरगा रास्‍ते पर मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है.

मलबा गिरने के बाद एक नेपाल की तबाही जैसा हैरान कर देने वाला वीडियों भी सामने आया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक लग्जरी कार और बस पूरी तरह से मलबे में दबी हुई है. बताया जा रहा है कि भारी बारिश के बाद सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग के जोड़ा पुल के पास सड़क पर अचानक मलबे का सैलाब आ गया था.

शहर के कई इलाके में जलभराव

कोरबा में तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया. कई वार्डों में नाली और नालों का गांदा पानी लोगों के घरों में घुस गया. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं दादर नाला भी तेज बारिश के चलते उफान पर आ गया है. नाले के तेज बहाव में एक स्‍कॉर्पियों कार पानी में बह गई. कार में तीन युवक सवार थे, कार चालक को वहां मौजूद लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए नाला पार करने से मना किया लेकिल फिर भी उसने नाला पार किया, जिसके बाद वाहन पानी में बह गया.

नाले के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई. करीब आधे घंटे तक दोनाें तरफ अफर-तफरी का माहौल हो गया. युवक जान बचाने के लिए कार की छत पर चढ़ गए. कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने युवकों को सु‍रक्षित बाहर निकाला.

5 दिन से हो रही बारिश

करीब 5 दिन से पूरे जिले में रुक- रुक कर बारिश हो रही थी. जिसके बाद शनिवार सुबह अचानक तेज बारिश शुरू हाे गई, जिससे हालात बिगड़ गए. भारी बारिश के बाद कई इलाकों में बिजली भी चली गई. सड़कों और नालियों का पानी घरों में घुटनाें तक भर गया. लोग खुद ही घरों से पानी निकालते नजर आए.

ये भी पढे़ं- नेपाल त्रासदी में छत्तीसगढ़ के 2 लोग लापता, तलाश जारी, एजेंसियों के संपर्क में अधिकारी, 5 नागरिक रायपुर लौट रहे

Exit mobile version