CG News: बिलासपुर. शहर में गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं. सभी लोग दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने के लिए बिलासपुर पहुंचे थे. (Seven Members of a Family Hospitalised at CIMS Bilaspur Due to Food Poisoning After Eating Pani Puri)
रविवार देर रात सीएमडी कॉलेज मैदान में गुपचुप खाने के कुछ समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई. फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच सभी को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. इस घटना के बाद खानपान की गुणवत्ता और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. मिली जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा निवासी साहू परिवार के सदस्य बीती रात दुर्गा दर्शन के लिए बिलासपुर आए थे.
परिवार के लोग देर रात करीब 12 बजे सीएमडी कॉलेज मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने गुपचुप खाया. इसके बाद परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई. सभी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. इस घटना में संतोषी साहू (27 वर्ष), महेश साहू (32 वर्ष), सोमेश साहू (15 वर्ष), सुमन साहू (18 वर्ष), सुजीता साहू (16 वर्ष), प्रभा साहू (26 वर्ष) और छह वर्षीय शिवांश साहू शामिल हैं. (Seven Members of a Family Hospitalised at CIMS Bilaspur Due to Food Poisoning After Eating Pani Puri)
सभी ग्राम परसदा के निवासी हैं. एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटना ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, गुपचुप खाने और तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. खाद्य पदार्थ दूषित होने या अन्य किसी कारण से परेशानी हुई, यह भी स्पष्ट होना बाकी है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Dussehra 2026 Special: पातालेश्वर महादेव को सबसे पहले चढ़ता है सोनपत्र… फिर रंजिश भूलकर 50 गांवों के लोग मिलते है गले
