पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी से हाईकोर्ट नाराज, 14 दिसंबर तक मांगी प्रगति रिपोर्ट
सीजी हाई कोर्ट
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति में लगातार हो रही देरी पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने राज्य शासन और लोक सेवा आयोग को 14 दिसंबर 2026 तक नियुक्ति की स्थिति स्पष्ट करने तथा अब तक हुई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है.
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में नियुक्ति नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है. अध्यक्ष का पद रिक्त होने से आयोग की महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं. आठ मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया लंबित है. इसके अलावा राज्य सेवा परीक्षा 2026 का विज्ञापन जारी होने में भी देरी हो रही है. पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता सांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त होने के बाद से अध्यक्ष का पद खाली है, इस स्थिति को लेकर हाईकोर्ट में मामला पहुंचा है. 26 अक्टूबर 2026 को हुई पिछली सुनवाई में कोर्ट के सामने यह तथ्य आया था कि आयोग ने 13 अक्टूबर को अध्यक्ष अथवा कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए राज्य शासन को पत्र लिखा है. इसके बावजूद 26 नवंबर तक नियुक्ति नहीं होने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई. सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से बताया गया कि, नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. वहीं याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर लंबित साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है.
अगली सुनवाई तक ठोस स्थिति स्पष्ट
हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग से अगली सुनवाई तक ठोस स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है. अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी का सीधा असर आयोग की भर्ती प्रक्रिया और आगामी राज्य सेवा परीक्षा की तैयारियों पर पड़ रहा है. अब सबकी नजरें अगली सुनवाई पर हैं, जिसमें शासन को नियुक्ति के संबंध में उठाए गए कदमों का ब्यौरा देना होगा.


