Vistaar NEWS

CG News: बारिश के बाद रायगढ़ के कई इलाकों में जलभराव, कवर्धा में उफान पर नदी-नाले, जन-जीवन हुआ अस्त-व्यस्त

CG News

रायगढ़ में बारिश से बिगड़े हालात

CG News: छत्तीसगढ़ में मानसून का सिस्टम पूरी तरह एक्टिव नजर आ रहा है. रायगढ़ में देर रात से लगातार बारिश का दौर जारी है. बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. वहीं कवर्धा जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है.

बारिश के बाद रायगढ़ के कई इलाकों में जलभराव

रायगढ़ जिले के अलग-अलग हिस्सों में देर रात से लगातार बारिश हो रही है. बारिश के बाद चंद्र नगर कॉलोनी में सड़कों और घरों के आसपास पानी भर गया है. कई घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वार्ड नंबर 37 के बजरंग पारा में भी बारिश का पानी घरों में पहुंच गया है. पानी के साथ फ्लाई ऐश भी घरों में घुस गया है. जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. रहवासी इलाके के पास पहले फ्लाई ऐश डंप की गई थी. बारिश के कारण वही राख पानी के साथ बहकर घरों तक पहुंच गया. नगर निगम की टीम जल निकासी और पानी हटाने के काम में जुटी हुई है. लोग जल्द राहत और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.

कवर्धा में उफान पर नदी-नाले, जन-जीवन हुआ अस्त-व्यस्त

कवर्धा जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. वनांचल क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में आवागमन बाधित हो गया है. बोड़ला ब्लॉक की अडवार नदी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच रपटा पार करते नजर आ रहे हैं। नदी का पानी रपटा के ऊपर से बह रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

हैरानी की बात यह है कि मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी तैनात नहीं है. स्थानीय लोगों ने रेंगाखर–अडवार मार्ग के इस रपटा की जगह स्थायी पुल बनाने की मांग की है.

ये भी पढ़ें- CG News: सर्पदंश मुआवजा घोटाला, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, अब तक कुल 19 आरोपियों पर हुई कार्रवाई

Exit mobile version