अश्वनी मालाकार(रायगढ़)
Raigarh: रायगढ़ के तमनार पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में अब तक पीड़ितों से 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जबकि अन्य संभावित पीड़ितों द्वारा थाना आकर आरोपित पर धोखाधड़ी की शिकायतें की जा रही है.
वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर करोड़ों की ठगी
मामले में शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन रायगढ़ और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम पडीगांव गांव के रहने वाले कृष्ण कुमार साहू, जो वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबार करता है. उसने पहले वाहन खरीदने-बेचने के नाम पर उनसे लगातार रुपये लिए. जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने अपनी जमीन बेचकर भुगतान करने का झांसा दिया और इस बहाने और रकम ले ली. बाद में आरोपी ने अपनी भूमि को बिक्री का सौदा भी उनसे कर लिया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी गई.
पुलिस के जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों के साथ भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है, शिकायत पर थाना तमनार में थाना प्रभारी प्रशांत राव ने आरोपी कृष्ण कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया.
रायगढ़ पुलिस ने दबोचा
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो एवं एक बोलेरो वाहन (20 लाख रूपये) जब्त किए गए हैं. पुलिस जांच में अब तक 10-15 पीड़ितों से लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है। मामले में अन्य पीड़ितों की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं तथा पुलिस आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- Jagadalpur: जेल में बजी शहनाई, कैदी बना दूल्हा, प्रेमिका संग सलाखों के पीछे रचाई शादी
