Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा में भालू को कटहल खाने का लालच भारी पड़ गया. भागने के दौरान वह एक 20 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गया. इसकी सूचना वन विभाग को दी गई. मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने 15 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर भालू को बाहर निकाला और उसे जंगल की ओर रवाना कर दिया गया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला बुधवार (29 जुलाई) सुबह का बताया जा रहा है. कटघोरा वन क्षेत्र के केंदई परिक्षेत्र के अंर्तगत ग्राम छिंदिया में एक भालू खाने की तलाश में जंगल से यहां पहुंचा. पूर्व सरपंच बारेलाल सिंह की बाड़ी में कटहल का पेड़ लगा हुआ था. इस पर चढ़कर भालू कटहल खाने लगा. भालू को कटहल खाते देख पूर्व सरपंच के बेटे ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया. आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और भीड़ बढ़ती गई.
बताया जा रहा है कि भीड़ को देखकर भालू घबरा गया. पेड़ से उतरकर भागने लगा. जंगल की ओर भागते समय भालू बाड़ी में बने एक कुएं में गिर गया. 20 गहरे कुएं में पानी नहीं था. दीवार के सहारे भालू ने कई बार कुएं से निकलने की कोशिश की लेकिन असफल रहा.
15 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की सूचना वन विभाग को दी. मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने पहले बांस से बनी सीढ़ी कुएं में लगाई ताकि भालू खुद ही बाहर निकलकर आ जाए. जब भालू सीढ़ी से बाहर नहीं निकल पाया तो वन विभाग ने अपनी रणनीति में बदलाव किया. दूसरे विकल्प पर काम करते हुए जेसीबी मंगाई गई.
ये भी पढ़ें: बिलासपुर में करेले के ढेर से निकला कोरबा, बाजार में मची अफरा-तफरी, सब्जी ले रहे युवक को डसा, सिम्स में भर्ती
इसकी मदद से कुएं की तली तक पहुंचने के लिए स्लोप वाला रास्ता बनाया गया. इस माहौल को शांत रखा गया ताकि भालू ना घबराए. ढलान वाला विकल्प काम आया. 15 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भालू कुएं से निकलकर जंगल की ओर चला गया. इसके बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली.
