CG Crime News: कोरबा-पंतोरा. पूर्व प्रेमी ने प्रेमिका को प्रेमी के साथ देखा तो आवेश में आ गया. उसने प्रेमिका की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपा दिया. दो दिन तक महिला का पता नहीं चला तो उसकी तलाश शुरू हुई. जिसके बाद हत्या का राज खुल गया. आरोपी ने इस बीच जहर का सेवन कर लिया. जिसे कोरबा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
मामला जांजगीर चांपा जिला अंतर्गत पंतोरा चौकी के ग्राम अंगारखार की है. पंतोरा चौकी पुलिस ने बताया कि यहां निवासरत धनेश्वरी बाई के पति का कुछ वर्षों पूर्व निधन हो चुका है. धनेश्वरी अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी. गांव में रहने वाला शिवचरण यादव उसका पूर्व प्रेमी था. 22 नवंबर को धनेश्वरी अपने दूसरे प्रेमी के साथ तिलसाखार पहरी गई हुई थी. जहां महिला अपने प्रेमी से बातचीत कर रही थी. इसी दौरान वहां शिवचरण यादव पहुंच गया. इसके बाद तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया. पुलिस ने बताया कि विवाद के दौरान महिला का दूसरा प्रेमी वहां से चला गया. इसके बाद शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी और शव को जंगल की झाड़ियों में छिपाकर घर आ गया.
महिला के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो गांव में बैठक बुलाई गई. बैठक में शिवचरण पर संदेह जताया गया. ग्रामीणों ने उसे बुलाकर महिला के बारे में पूछताछ की, लेकिन उसने कुछ भी जानने से इंकार कर दिया. पुलिस के मुताबिक इसके बाद उसने जहर खा लिया. परिजन उसे इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां उसे भर्ती कराया गया है. जहर खाने के मामले की जानकारी जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से पंतोरा चौकी पुलिस को दी गई. पुलिस ने अस्पताल में शिवचरण से पूछताछ की तो उसने हत्या करने और शव को झाड़ियों में छिपाने की बात बताई. इसके बाद पुलिस ने बुधवार को झाड़ियों से धनेश्वरी का शव बरामद किया. मामले में पंतोरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है. आरोपी की निगरानी के लिए चौकी से पुलिस टीम को मेडिकल कॉलेज में तैनात भी किया गया है.
शव का नहीं हो पाया पोस्टमार्टम
शव बरामद करने के बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए शव को बलौदा भेजा था, जहां उसका पोस्टमार्टम नहीं हो पाया. बलौदा से पुनः पंतोरा शव भेजा गया है. बुधवार तक शव का पीएम नहीं होने की जानकारी सामने आई है.
