इनपुटः संदीप अग्रवाल
पेंड्रा. बिलासपुर-पेंड्रा रेलवे रूट से हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. पेंड्रा-खोडरी के पास स्थित भनवारटंक टनल के अंदर एक तेंदुआ रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे दौड़ता नजर आया. अचानक ट्रैक पर तेंदुए को देखकर ट्रेन की रफ्तार कम कर दी गई. इस दौरान ट्रेन के पायलट ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि टनल के भीतर तेंदुआ रेलवे ट्रैक पर दौड़ रहा है और उसके पीछे ट्रेन धीमी गति से आगे बढ़ रही है. तेंदुआ काफी दूरी तक ट्रेन के आगे दौड़ता रहा. बताया जा रहा है कि बिलासपुर की ओर से आ रही ट्रेन के भनवारटंक टनल में प्रवेश करते ही रेलवे ट्रैक के पास तेंदुआ दिखाई दिया.
तेंदुए को देखते ही पायलट ने ट्रेन की गति कम कर दी. इसके बाद तेंदुआ कुछ दूरी तक ट्रैक पर दौड़ता रहा और फिर टनल से बाहर निकलकर जंगल की ओर चला गया. टनल के बाहर रेलवे स्टाफ के कुछ लोग भी नजर आए.
बाल-बाल टली अप्रिय घटना
गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं हुआ. तेंदुए के सुरक्षित जंगल की ओर चले जाने के बाद ट्रेन आगे रवाना हुई. भनवारटंक क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है और यहां वन्यजीवों की आवाजाही देखी जाती रही है. रेलवे ट्रैक और टनल के आसपास वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए ऐसी घटनाओं में रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन चालकों की सतर्कता बेहद महत्वपूर्ण है. फिलहाल घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ः पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी पर रॉड से हमला, खून से हुआ लथपथ
