CG News: रायगढ़. मीना बाजार में हुई दोस्ती के बाद विवाहिता युवती को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर रायपुर और रायगढ़ में होटल व मकान में बंधक बनाने तथा फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर 50 हजार रुपए मांगने के मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को एक महिला ने थाने में अपनी 24 वर्षीय बेटी के 3 सितंबर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. मामले में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई.
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 16 सितंबर को अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में दबिश दी. यहां से लापता युवती को अजरूदीन अली उर्फ अज्जू (20), निवासी मौदहापारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ के कब्जे से सकुशल दस्तयाब किया गया. आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
महिला पुलिस अधिकारी द्वारा युवती का कथन दर्ज किया गया. युवती ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेला देखने गई थी. वहां उसकी मुलाकात अज्जू से हुई थी. दोनों ने मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान किया और बातचीत शुरू हो गई. आरोप है कि इसके बाद युवक उस पर रायपुर चलने और होटल में रुकने के लिए दबाव बनाने लगा.
रायपुर की होटल में बनाया बंधक
युवती के अनुसार, आरोपी उसे रायपुर ले गया और एक होटल में रुकवाया. वहां होटल में अपना परिचय दिखाकर उसे चेकआउट नहीं करने दिया गया. किसी तरह युवती 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची. इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी कथित तौर पर रायगढ़ रेलवे स्टेशन से उसे अपने साथ होटल ले गया और एक रात वहां रखा. युवती के मुताबिक उसे होटल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई.
युवती ने घर जाने की जिद की तो आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित मकान में ले गया. यहां भी उसे कथित रूप से बंधक बनाकर रखा गया. युवती का आरोप है कि आरोपी ने मीना बाजार में खींची गई उसकी फोटो और उसके साथ रहने की बात को लेकर रायगढ़ में बदनाम करने की धमकी दी. साथ ही कहा कि उसने उस पर 50 हजार रुपए से अधिक खर्च किए हैं और रकम नहीं देने तक उसे जाने नहीं देगा.
पुलिस ने मकान में दबिश देकर युवती को सकुशल मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसे 16 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया. पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः कांग्रेस के ट्रेनिंग कैंप में CM चेहरे का खुलासा! भूपेश-बाबा की दूरी मिटाने की कोशिश या 2028 की तैयारी?
