Vistaar NEWS

SECR में तत्काल टिकटों की कालाबाजारी, रेलवे क्लर्क, कुली और गुरूजी गिरफ्तार

secr-tatkal-ticket-black-marketing-bust-rpf-arrests-railway-clerk-porter-teacher-champa

जांजगीर/बाराद्वार. त्योहारी और शादी के सीजन में जहां आम यात्री कंफर्म रेलवे टिकट के लिए परेशान हो रहे हैं, वहीं रेलवे कर्मचारी और शिक्षक मिलकर टिकटों की कालाबाजारी का नेटवर्क चला रहे थे. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के इस नेटवर्क का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पर्दाफाश किया है. RPF पोस्ट चांपा और अपराध गुप्तचर शाखा बिलासपुर की टीम ने 14 नवंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए रेलवे के बुकिंग क्लर्क, कुली और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 16 हजार 128 रुपए कीमत के 25 अवैध आरक्षित टिकट बरामद किए गए हैं.

पहली कार्रवाई में बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी और बिलासपुर स्टेशन के कुली धनीराम यादव को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 1 लाख 3 हजार 600 रुपए के 15 आरक्षित टिकट जब्त किए गए. वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम सेमरिया निवासी शिक्षक कृष्ण कुमार कश्यप को पकड़ा गया. उसके पास से 12 हजार 528 रुपए के 10 ई-टिकट बरामद हुए. तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है.

आरक्षण काउंटर की आड़ में टिकटों की कालाबाजारी

जांच में सामने आया कि बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी आरक्षण प्रणाली की तकनीकी जानकारी और अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहा था. आरपीएफ की टीम ने 14 नवंबर को आरक्षण केंद्र में दबिश देकर उसे पकड़ा. तलाशी में उसके पास एसी आरक्षित टिकट मिला. इसके बाद अधिकारियों ने उसका मोबाइल फोन जांचा तो व्हाट्सएप चैट में 14 अन्य आरक्षित टिकटों की प्रतियां मिलीं.

कुली बना था क्लर्क का डिलीवरी एजेंट

बुकिंग क्लर्क से पूछताछ में बिलासपुर रेलवे स्टेशन के कुली नंबर 206 धनीराम यादव की भूमिका सामने आई. वह क्लर्क का मुख्य सहयोगी था. आरोप है कि उत्कर्ष पासी द्वारा तैयार किए गए टिकटों को जरूरतमंद यात्रियों तक पहुंचाने और उनके बदले अतिरिक्त रकम लेने का काम धनीराम करता था. आरपीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर चांपा पोस्ट में मामला दर्ज किया है.

कंफर्म टिकटों को पहले ही कर लेते थे आरक्षित

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बुकिंग क्लर्क को आरक्षण प्रणाली का सीधा एक्सेस होने के कारण वह तत्काल टिकट खुलने या प्रमुख ट्रेनों में सीटें उपलब्ध होने पर आम यात्रियों के काउंटर तक पहुंचने से पहले ही टिकट तैयार कर लेता था. इसके लिए फर्जी या संभावित नामों का इस्तेमाल किया जाता था. बाद में इन टिकटों को जरूरतमंद यात्रियों को मूल कीमत से 300 से 500 रुपए अधिक लेकर बेचने का आरोप है.

शिक्षक ने दूसरे के मोबाइल से बनाई फर्जी आईडी

दूसरी कार्रवाई चांपा क्षेत्र के सिलादेही भांठापारा और ग्राम सेमरिया में अवैध ई-टिकट बनाने की शिकायत पर की गई. सिलादेही भांठापारा निवासी देवीलाल पटेल ने आरपीएफ पोस्ट चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम सेमरिया, थाना बिर्रा निवासी शिक्षक कृष्ण कुमार कश्यप ने आधार कार्ड अपडेट कराने के बहाने उनका मोबाइल फोन लिया और उनकी सहमति के बिना उनके नाम से आईआरसीटीसी की व्यक्तिगत यूजर आईडी बना ली.

आरोप है कि शिक्षक इस आईडी का इस्तेमाल अपने मोबाइल नंबर और सिस्टम के जरिए ई-टिकट बनाने तथा उनकी कालाबाजारी करने में कर रहा था. कार्रवाई के दौरान उसके पास से 12 हजार 528 रुपए कीमत के 10 ई-टिकट बरामद किए गए.

टिकटों के नाम और विवरण में भी करते थे हेरफेर

जांच में टिकटों की कालाबाजारी के लिए रेलवे आरक्षण प्रणाली की तकनीकी सुविधाओं के दुरुपयोग की बात भी सामने आई है. आरोप है कि पहले से बुक टिकटों को जरूरत के मुताबिक रद्द कर दूसरे नाम से तत्काल बुकिंग कराई जाती थी. वहीं कुछ मामलों में मिलते-जुलते नाम और उम्र के आधार पर यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराए जाते थे. टिकटों की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर अतिरिक्त रकम का लेन-देन किया जाता था.

Exit mobile version