Vistaar NEWS

CG News: भाई की शादी में भाजपा नेत्री ने की हार्ष फायरिंग, बच्‍चे भी दिखे बंदूक के साथ, कांग्रेस बाेली- कानून व्‍यवस्‍था कमजोर हो रही

celebratory firing at wedding ceremony

शादी समारोह में हर्ष फायरिेंग

CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा से जुड़ी मंडी सदस्य मोनिका सिंह के परिवार के लोग हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों से लेकर सोशल मीडिया तक इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

शादी समारोह में हथियारों का प्रदर्शन

बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम मोनिका सिंह के भाई प्रतीक सिंह की शादी का था. समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे. वायरल वीडियो में मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह समेत कई लोग बंदूक और पिस्टल से हवा में फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में महिलाएं और युवतियां भी हथियार हाथ में लेकर रील बनाती नजर आ रही हैं. यह वीडियो फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने पर बनाया गया बताया जा रहा है.

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में डीजे और तेज संगीत के बीच हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया गया. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं कि आखिर सार्वजनिक समारोहों में इस तरह हथियारों का इस्तेमाल कैसे हो रहा है. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए हैं.

सरकारी कर्मचारी हैं ऋतुपर्ण सिंह

ऋतुपर्ण सिंह के बारे में बताया जा रहा है कि वे बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं. वहीं उनकी पत्नी मोनिका सिंह भाजपा से जुड़ी हुई हैं और मंडी सदस्य के पद पर कार्यरत हैं. वीडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा है.

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उनका कहना है कि जिन लोगों को हथियारों के लाइसेंस दिए गए हैं, उनके उपयोग की समय-समय पर जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर होती दिखाई दे रही है और सरकार को ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने चाहिए.

पुलिस बोली जांच होगी

इधर, रायपुर पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है.

भाजपा नेता से करीबी की चर्चा

स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी में इस तरह खुलेआम हर्ष फायरिंग होना गंभीर विषय है. कई लोगों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के मामलों में पुलिस का रवैया अक्सर नरम दिखाई देता है. वहीं, चर्चा यह भी है कि ऋतुपर्ण सिंह भाजपा नेता सौरभ सिंह के करीबी माने जाते हैं और उन पर पहले भी शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग करने के आरोप लग चुके हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं- Gariaband: भरे मंच से मंत्री दयाल दास बघेल ने वन विभाग के SDO को लगाई फटकार, जानें पूरा मामला

Exit mobile version