CG News: झीरम कांड की बरसी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस को घेरा, बोले- इन्होंने 5 साल कुछ नहीं किया
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव
CG News: सोमवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव भिलाई पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए झीरम घाटी कांड, नक्सलवाद, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और नीट परीक्षा समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा.
झीरम घाटी कांड पर कांग्रेस को घेरा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भिलाई पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए झीरम घाटी कांड की 13वीं बरसी पर उन्होंने दीपक बैज के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की पांच साल सरकार रही, तब सच्चाई सामने क्यों नहीं लाई गई. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने वादा किया था, कि सरकार बनते ही झीरम की सच्चाई सामने लाएंगे, लेकिन पांच साल तक कुछ नहीं किया गया.
किरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने का जो लक्ष्य तय किया था, उस दिशा में तेजी से काम हुआ है, और बस्तर अब शांत हो चुका है. उन्होंने दावा किया कि बस्तर में लगातार सड़क, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री द्वारा 60 से अधिक बसों को अंदरूनी क्षेत्रों में रवाना किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया. साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अब दूरस्थ इलाकों तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पांच साल पहले भारी बहुमत दिया था, लेकिन सरकार के कामकाज से लोग विमुख हो गए. उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस देश में गिने-चुने राज्यों तक सीमित रह गई है.
ये भी पढ़ें- CG News: ठगी का शिकार हुए विधायक पुरंदर मिश्रा, BJP नेता का पीए बनकर मांगे पैसे, ऐसे हुए खुलासा
कांग्रेस भ्रम फैलाने की कर रही राजनीति – किरण सिंहदेव
नीट परीक्षा मामले में उन्होंने कहा कि सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है और जहां गलती हुई है, उसे सुधारने की प्रक्रिया जारी है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर उन्होंने कहा कि भारत की तुलना पड़ोसी देशों से करनी चाहिए, जहां ईंधन अधिक महंगा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई देशों के साथ समझौते कर देश में ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित की है. वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही हैं.