Vistaar NEWS

छत्तीसगढ़ में ‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ योजना को मंजूरी, गांवों में खुलेंगे रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते

Chhattisgarh New Rural Employment Scheme

अटल आजीविका समृद्धि हाट योजना को मिली मंजूरी

Atal Ajeevika Samridhi Haat Yojna Approved: छत्तीसगढ़ सरकार लगातार प्रदेश के गांवों को नई दिशा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुधारने पर जोर दे रही है. कल यानी मंगलवार को साय कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई. इस दौरान कई विकास कार्यों पर मुहर लगी. वहीं बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने ‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ योजना शुरू करने का निर्णय लिया. इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देना और अर्थव्यवस्था को सुधारना है.

ग्रामीणों को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर

अधिकारियों के अनुसार, ‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ योजना के तहत गांवों में रोजगार और व्यापार के नए साधन शुरू किए जाएंगे. इसके लिए ग्रामीण इलाकों में कपड़े की बुनाई, सिलाई और हस्तशिल्प से जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स बनाई जाएंगी. साथ ही दाल, चावल, तेल और दूध के उत्पादों को तैयार करने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट्स, कोल्ड स्टोरेज और सोलर ड्रायर जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी. इसके अलावा, खेती के औजारों को ठीक करने वाली दुकानें, ‘अटल डिजिटल सेंटर’ जैसे सर्विस सेंटर और सामान बेचने के लिए मार्केटिंग व सप्लाई सेंटर भी खोले जाएंगे.

स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा

अधिकारियों ने आगे बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य पहले से मौजूद इमारतों और मशीनों का सही इस्तेमाल करना है. इसके जरिए स्थानीय स्तर पर सामान बनाने, उनकी प्रोसेसिंग करने, सेवाएं देने और उन्हें बेचने के कामों को बढ़ावा दिया जाएगा. इससे गांवों में रहने वाले लोगों को नौकरी और खुद का बिजनेस शुरू करने के नए मौके मिलेंगे, जिससे वे अपने स्थानीय उत्पादों को आसानी से बड़े बाजारों तक पहुंचा सकेंगे.

ये भी पढ़ें-छत्तीसगढ़ में अगले सत्र से बदलेगी व्यवस्था! 16 जून की जगह इस तारीख से खुलेंगे स्कूल

इन विभागों को मिली जिम्मेदारी

अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि इस योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने और चलाने की जिम्मेदारी ‘छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन’ (नोडल एजेंसी) को दी गई है. वहीं ‘पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग’ को इस पूरी योजना की देखरेख करने वाला मुख्य विभाग (नोडल विभाग) बनाया गया है.

Exit mobile version