Chhattisgarh News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड से लगे खमरिया स्थित बालिका छात्रावास में छात्राओं से सुरक्षा गार्ड द्वारा कथित तौर पर निजी काम कराने का मामला सामने आया है। छात्राओं ने महिला गार्ड पर अपनी वर्दी धुलवाने और रात में सोने से पहले मालिश कराने का आरोप लगाया है। शिकायत सामने आने के बाद आदिवासी विकास विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित गार्ड को छात्रावास से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि जिला पंचायत सदस्य राधा रवि जब अचानक खमरिया स्थित बालिका छात्रावास पहुंचीं। उस समय छात्रावास में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर भोजन, रहने की व्यवस्था और पढ़ाई से जुड़ी जानकारी ली। इसी दौरान छात्राओं ने महिला गार्ड रवि सूर्य राजवाड़े पर गंभीर आरोप लगाए।
वर्दी धुलवाने और मालिश कराने का आरोप
छात्राओं ने जिला पंचायत सदस्य को बताया कि गार्ड उनसे अपनी वर्दी धुलवाती हैं। इतना ही नहीं, रात में सोने से पहले उनसे मालिश भी कराई जाती है। छात्राओं के अनुसार, काम करने से मना करने पर उन्हें दूसरे कमरे में बंद करने और छात्रावास से बाहर निकलवाने की धमकी दी जाती है। डर के कारण उन्हें गार्ड की बात माननी पड़ती है। शिकायत बताते समय कई छात्राएं भावुक होकर रोने लगीं। छात्राओं ने यह भी आशंका जताई कि यदि गार्ड को उनके द्वारा की गई शिकायत की जानकारी हो गई तो उन्हें दोबारा परेशान किया जा सकता है।
ट्राइबल एसी ने दिए जांच के निर्देश
छात्रावास का निरीक्षण करने के बाद जिला पंचायत सदस्य राधा रवि ने मामले की शिकायत आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त ने तत्काल मंडल संयोजक को फोन कर मामले की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं से इस प्रकार का व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिला पंचायत सदस्य ने भी कहा कि बालिका छात्रावास में रहने वाली छात्राएं पढ़ाई और सुरक्षित वातावरण के लिए हैं। किसी कर्मचारी द्वारा उनसे निजी काम करवाना पूरी तरह अनुचित है। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित गार्ड को तत्काल छात्रावास से हटाने के साथ नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।
छात्रावास में रहकर पढ़ती हैं 80 से अधिक छात्राएं
खमरिया के बालिका छात्रावास में 80 से अधिक छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। इनमें बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं की है। छात्राओं ने बताया कि रात में पढ़ाई के समय निजी काम कराने से उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। छात्रावास में कक्षा 10वीं और 12वीं की छात्राएं भी रह रही हैं।
पहले भी छात्राओं की शिकायत से मचा था हड़कंप
सरगुजा जिले में छात्रावास व्यवस्था को लेकर इससे पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। करीब 10 दिन पहले लुण्ड्रा जनपद के मिशन स्कूल राई, रघुनाथपुर की छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। छात्राएं अपनी शिकायत लेकर पैदल अंबिकापुर कलेक्टर से मिलने निकल पड़ी थीं। करीब 15 किलोमीटर तक छात्राओं के पैदल जाने की सूचना मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया था।
“खुद जाकर करूंगा जांच, हटाने की कार्रवाई होगी”
मामले में ट्राइबल विभाग के मंडल संयोजक नवीन कुमार कश्यप ने कहा कि खमरिया छात्रावास में गार्ड द्वारा छात्राओं से निजी काम कराने की शिकायत मिली है। ट्राइबल एसी के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है। गार्ड को वहां से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं छात्रावास जाकर जांच करेंगे। साथ ही अन्य छात्रावासों का भी समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ेंः रेलवे स्टेशन के बाहर प्रेमी जोड़े का रोमांस, Video Viral
