Chhattisgarh News: कवर्धा। कबीरधाम जिले की पुलिस ने नकली नोट छापने और बाजार में खपाने वाले एक स्थानीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन मुख्य आरोपी सतीश कुमार, रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से कुल 12.50 लाख रुपए के जाली नोट, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और एक टाटा पंच ईवी (Tata Punch EV) कार बरामद की गई है. आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में ये खुलासा हुआ है कि उधारी चुकाने के लिए आरोपियों ने नकली नोट छापने का काम शुरू कर दिया. यह पूरी कार्रवाई थाना बोड़ला, चौकी पोंडी और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है.
ऐसे खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपियों ने 3.75 लाख रुपए की पुरानी उधारी को चुकाने के नाम पर पीड़ित को नकली नोटों की डिलीवरी दी. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिनेश कुमार यादव को बीते 9 अगस्त को 4.50 लाख रुपए के जाली नोट थमाए गए थे. जब प्रार्थी को नोटों की असलियत पर संदेह हुआ, तो मामले की शिकायत तुरंत पुलिस में दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए जांच शुरू की और जालसाजों के इस नेटवर्क तक पहुंच गई.
जुलाई 2026 से चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस की पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपी पिछले कुछ महीनों यानी जुलाई 2026 से ही नए बस स्टैंड के पास एक किराए का कमरा लेकर वहां अवैध रूप से कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार कर रहे थे. वे इन जाली नोटों को बेहद शातिर तरीके से बाजार और लेन-देन में खपाने की फिराक में थे, ताकि किसी को आसानी से शक न हो.पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल, आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इन नकली नोटों को अब तक कहां-कहां खपाया गया है.
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र यादव ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है. नकली नोट के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में पुलिस टीम को सफलता मिली है, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. एसपी ने कहा कि इस पूरे खेल में बाहरी गिरोह के होने की आशंका की बात अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन आरोपियों से और कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Chhattisgarh News: नगर निगम की सामान्य सभा में जमकर हंगामा, महापौर बोली- मैं मेहंदी लगाकर नहीं बैठी हूं…
