Vistaar NEWS

जशपुर में भारी बारिश के चलते CM विष्णुदेव साय का दौरा रद्द, तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले थे

CM Vishnudev Sai (File Photo)

CM विष्णुदेव साय(File Photo)

रायपुर। जशपुर जिले में हो रही भारी बारिश के चलते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का जशपुर दौरा रद्द कर दिया गया है. मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से जशपुर पहुंचकर कुनकुरी में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होना था.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:50 बजे मुख्यमंत्री निवास से पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पहुंचने वाले थे और दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से जशपुर के लिए रवाना होना था। जशपुर पहुंचने के बाद उन्हें सलियाटोली हेलीपेड से सड़क मार्ग के जरिए कुनकुरी जाना था. कुनकुरी में दोपहर 1:30 बजे आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री को शामिल होना था. इसके बाद शाम 3:30 बजे कुनकुरी से बगिया रवाना होकर शाम 4 बजे वहां पहुंचने और रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित था.

हालांकि, जशपुर में मौसम खराब होने और भारी बारिश के चलते सुरक्षा कारणों को देखते हुए मुख्यमंत्री का दौरा रद्द कर दिया गया.

बस्तर तिरंगा यात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे शामिल

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर अंचल में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है. 12 से 15 अगस्त तक प्रस्तावित इस तिरंगा यात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल होंगे. मोटरसाइकिलों के माध्यम से आयोजित होने वाली यह यात्रा बस्तर के उन क्षेत्रों और ग्रामों तक पहुंचेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं और अब शांति, सुरक्षा एवं विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे हैं.

हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं गौरव की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. यात्रा का उद्देश्य बस्तर की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने रखना, युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा नक्सल हिंसा में शहीद हुए वीर जवानों और नागरिकों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करना है. यात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि बस्तर अब अमन, विश्वास, शांति और विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है. इस यात्रा माध्यम से अब तिरंगा बस्तर के कोने कोने तक फहराया जायेगा और भारत का संविधान भी राज्य के कोने कोने में लागू होने का संदेश सभी को दिया जाएगा.

ये भी पढ़ेंः Chhattisgarh News: छात्राओं ने कहा- गार्ड मालिश करवाती है, वर्दी भी धोने कहती है

Exit mobile version