CG News: राजधानी रायपुर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक संपन्न हुई, जिसमें विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस के विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
बैठक में कई मुद्दों पर मंथन
बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि एक दिवसीय विधायक दल की बैठक रखी गई थी, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि निंदा प्रस्ताव लाने को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया है और इस मामले को सदन में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा.
महिला मुद्दों पर रहेगा फोकस
उन्होंने कहा कि विशेष सत्र में महिला आरक्षण और महिलाओं से जुड़े मुद्दे मुख्य विषय रहेंगे. प्रदेश में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं, दुर्व्यवहार और सुरक्षा के मामलों को कांग्रेस सदन में उठाएगी. महंत ने कहा कि महिला विधायकों की मौजूदगी में इन विषयों पर गंभीर चर्चा हुई और पार्टी महिलाओं के सम्मान व अधिकारों की आवाज बुलंद करेगी.
रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई बैठक
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक विशेष सत्र की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई थी. उन्होंने कहा कि सरकार ने महिला सत्र बुलाया है, तो कांग्रेस भी महिलाओं के मुद्दों पर सरकार को जवाब देगी. कांग्रेस महिला आरक्षण और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मजबूती से अपना पक्ष रखेगी. दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कल का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए भारी पड़ने वाला है और कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ सदन में उतरेगी.
अन्य राज्यों के चुनावों पर बयान
पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में चल रहे चुनाव को लेकर दीपक बैज ने कहा कि चार चरणों में से तीन चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है और पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी. उन्होंने दावा किया कि केरल, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में कांग्रेस तथा उसके गठबंधन को सफलता मिलेगी.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों और केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की है, लेकिन जनता इसका जवाब देगी. एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि ऐसे कई एग्जिट पोल आते रहते हैं, इसलिए अंतिम परिणाम के लिए 4 तारीख का इंतजार करना होगा.
ये भी पढे़ं- CG News: सीएम साय ने मजदूरों के लिए लॉन्च किया ‘e-श्रम साथी’ ऐप, घर बैठे मिलेगी सरकारी योजनाओं और रोजगार की जानकारी
