Vistaar NEWS

BSP के हजारों आवासधारियों को बड़ी राहत, किराए में 75 फीसदी तक की कटौती

CM Vishnu Deo Sai

सीएम विष्‍णु देव साय

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) टाउनशिप में रहने वाले हजारों आवासधारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है. BSP प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है. इस फैसले से करीब 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलेगा. रिटेंशन श्रेणी के आवासधारियों को किराए में सीधे 75 प्रतिशत तक की राहत मिलेगी. (Bhilai Steel Plant Quarter Rent Reduced)

मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में BSP टाउनशिप के आवासधारियों की लंबे समय से चली आ रही किराया वृद्धि की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई थी. मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकालने के निर्देश दिए थे. इसके बाद BSP के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर 2026 को संशोधित किराया दर का आदेश जारी किया. (Bhilai Steel Plant Quarter Rent Reduced)

500 वर्गफीट के मकान पर अब 3 हजार रुपए किराया

नई व्यवस्था के तहत रिटेंशन स्कीम के आवासों का किराया 24 रुपए से घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया गया है. यानी इस श्रेणी में 75 प्रतिशत की कटौती की गई है.

उदाहरण के तौर पर, 500 वर्गफीट के आवास के लिए पहले प्रतिमाह 12 हजार रुपए किराया देना पड़ता था. अब यह घटकर मात्र 3 हजार रुपए रह जाएगा. इससे संबंधित आवासधारी परिवार को हर महीने 9 हजार रुपए और सालाना 1 लाख 8 हजार रुपए की बचत होगी.

वहीं थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया भी 8 रुपए से घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट कर दिया गया है. इस श्रेणी के आवासधारियों को 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी. दोनों श्रेणियों के लिए अब समान किराया दर लागू होगी.

3,946 आवासधारियों को मिलेगा लाभ

संशोधित किराया व्यवस्था से BSP टाउनशिप के कुल 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है. इनमें रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवास शामिल हैं.

BSP से सेवानिवृत्त हुए अनेक कर्मचारी सीमित पेंशन और अन्य आय के साधनों पर निर्भर हैं. ऐसे में किराए में भारी वृद्धि उनके लिए आर्थिक परेशानी का कारण बनी हुई थी. नई दर लागू होने से इन परिवारों पर मासिक खर्च का बोझ काफी कम होगा.

पुराने किराए की भी होगी पुनर्गणना

BSP प्रबंधन के संशोधित आदेश में नई किराया दर को पूर्व प्रभाव से लागू करने का प्रावधान भी किया गया है. इसके तहत संबंधित अवधि के किराए की पुनर्गणना की जा सकेगी. पूर्व में अधिक दर से किराया जमा करने वाले आवासधारियों की अतिरिक्त राशि के समायोजन की प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुसार स्पष्ट की जाएगी. फिलहाल यह संशोधित व्यवस्था आगामी आदेश तक अंतरिम रूप से प्रभावी रहेगी.

मुख्यमंत्री से मिले सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ के पदाधिकारी

इस निर्णय के बाद 3 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भिलाई स्टील प्लांट के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ एवं थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की. इस दौरान पदाधिकारियों ने आवास किराए में राहत दिलाने की पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया.

मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर एवं रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः दीपावली-छठ पर दुर्ग-बरौनी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, 4 नवंबर से तीन फेरे

Exit mobile version