CG News: दुर्ग जिले में दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. भिलाई भाजपा कार्यालय में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भिलाई नगर निगम, भिलाई-चरोदा नगर निगम, रिसाली नगर निगम और जामुल नगरपालिका क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. बैठक में चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी भी मौजूद रहे.
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बनी चुनावी रणनीति
दरअसल, बैठक में प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, नीलू शर्मा, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे. पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए रणनीति और जरूरी टिप्स दिए. वहीं, प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में दुर्ग संभाग की जनता ने भाजपा को अच्छा आशीर्वाद दिया और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी.
2024 के लोकसभा चुनाव में भी जनता ने भाजपा को समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री की गारंटी को पूरा करने का काम कर रही है. अब नगरीय निकाय चुनाव में भी भाजपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे.
कांग्रेस पर विकास नहीं कराने का आरोप
भूपेंद्र सवन्नी ने भिलाई निगम में कांग्रेस को चार बार मौका मिलने का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में अपेक्षित विकास नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि जनता डबल इंजन की सरकार के बाद निगम में भाजपा को जिताकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का मन बना चुकी है.
आरक्षण प्रक्रिया के बाद होगा टिकट वितरण
वहीं, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने कहा कि आरक्षण की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और उसके बाद टिकट वितरण किया जाएगा. उन्होंने भाजपा में गुटबाजी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव जीतने के लिए काम कर रहे हैं.
