रायपुर. छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) भिलाई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संबद्ध इंजीनियरिंग और प्रबंधन संस्थानों की नई सूची जारी कर दी है. सूची में जहां एक नए कॉलेज के जुड़ने से तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए नया विकल्प सामने आया है, वहीं पांच संस्थानों की प्रवेश क्षमता शून्य कर दी गई है. इसके अलावा राजनांदगांव के एक संस्थान को पूरी तरह बंद किए जाने की जानकारी दी गई है. इससे तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में कई संस्थानों की स्थिति बदलने के संकेत मिले हैं. (CSVTU new affiliation list 2026)
15 संस्थानों को मिली संबद्धता
विश्वविद्यालय की सूची के अनुसार 2026-27 के लिए कुल 15 इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट संस्थानों को संबद्धता दी गई है. इनमें भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के भिलाई हाउस जीई रोड दुर्ग और केंद्री नया रायपुर स्थित संस्थान, चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर, छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बालोद रोड दुर्ग, क्रिश्चियन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी भिलाई, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी रायपुर, जेके इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग बिलासपुर, कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज खम्हरिया दुर्ग, लक्ष्मीचंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बिलासपुर, रायपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मंदिर हसौद रायपुर, आरएसआर रूंगटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कोहका भिलाई, एसएसआईपीएमटी रायपुर, दिशा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी रायपुर, टैगोर कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट बिलासपुर और सीएम दुबे पोस्ट ग्रेज्युएट कॉलेज बिलासपुर शामिल हैं. (CSVTU new affiliation list 2026)
चाणक्य एकेडमी को मिली नई शुरुआत
संबद्धता सूची में रायपुर के टाटीबंध-सरोना स्थित चाणक्य एकेडमी को 2026-27 से नए कॉलेज के रूप में शामिल किया गया है. इसके जुड़ने से विद्यार्थियों को तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक नया संस्थान विकल्प के रूप में मिलेगा. विश्वविद्यालय की नई सूची में इसे नए संस्थान के तौर पर दर्ज किया गया है.
पांच कॉलेजों में प्रवेश क्षमता शून्य
सूची का अहम पहलू प्रोग्रेसिव क्लोजर की प्रक्रिया से जुड़े संस्थानों की स्थिति है. ऐसे संस्थानों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश क्षमता शून्य दर्शाई गई है. इनमें रायपुर के दो, भिलाई के दो और दुर्ग का एक कॉलेज शामिल है. इसका मतलब है कि इन संस्थानों में नए सत्र के लिए विद्यार्थियों के प्रवेश की क्षमता निर्धारित नहीं की गई है.
युगांतर इंस्टीट्यूट पूरी तरह बंद
राजनांदगांव के रामधीन मार्ग स्थित युगांतर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के संबंध में सूची में अलग स्थिति दर्ज की गई है. संस्थान को 2026-27 से पूरी तरह बंद किए जाने की जानकारी दी गई है. इस तरह नए कॉलेज के जुड़ने के साथ ही कुछ पुराने संस्थानों में प्रवेश पर रोक और एक संस्थान के पूरी तरह बंद होने की तस्वीर भी सामने आई है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur News: परमार परिवार से ठगी… साधु बनकर 16 लाख के गहने और नकदी लेकर हुए फरार
