Dongargarh Local News: डोंगरगढ़. शहर के आदर्श नगर वार्ड क्रमांक 20 में घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भरने का मामला सामने आया है. प्रशासनिक जांच के दौरान एक सिलेंडर में निर्धारित मात्रा से 5 किलो गैस कम मिली. मामले में इंडियन गैस एजेंसी के चार डिलीवरी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है. घटना सामने आने के बाद चारों कर्मचारी अपना वाहन छोड़कर फरार हो गए. हालांकि अब तक एजेंसी संचालक और न उनके कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे अरोरा की पुरानी आरा मशीन के सामने स्थित खाली मैदान में एजेंसी के तीनपहिया वाहनों में रखे सिलेंडरों से गैस निकालने की गतिविधियां देखी गईं. क्षेत्र में मवेशी चराने वाले लोगों को कर्मचारियों पर पहले से संदेह था. पूछताछ के दौरान विवाद की स्थिति बनने पर वार्डवासियों ने अन्य लोगों को बुलाया और प्रशासन को सूचना दी.
मामले के बढ़ने पर कर्मचारी वाहन लेकर भागने लगे. हालांकि, महावीर मंदिर के पास पेट्रोल पंप के निकट वाहन छोड़कर रेलवे पटरी पार कर फरार हो गए. कार्रवाई की जद में आए कर्मचारियों की पहचान शिवराज, सुनील, सरवन और राम सिंह बिश्नोई के रूप में हुई है. चारों राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं.
हर महीने मिल रही थीं शिकायतें
इंडियन गैस एजेंसी के मैनेजर नवीन अंबादे के मुताबिक हर महीने एक-दो उपभोक्ता सिलेंडर में गैस कम होने की शिकायत करते थे. हालांकि, ठोस सबूत नहीं मिलने के कारण कार्रवाई करना मुश्किल हो रहा था. उन्होंने उपभोक्ताओं से सिलेंडर लेते समय उसका वजन जांचने और गड़बड़ी मिलने पर तत्काल एजेंसी को सूचना देने की अपील की.
जांच प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को भेजेंगे
एसडीएम अक्षय दोशी के मुताबिक मौके पर गैस चोरी किए जाने का मामला सामने आया है और संबंधित कर्मचारी फरार हैं. पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन जिले के उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा. इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी सवाल
घटना के बाद शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, मेले के दौरान और सामान्य दिनों में भी कई होटल व दुकानों में घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में गैस सिलेंडरों की नियमित जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है.
ऐसे जांचें सिलेंडर का वजन
घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 14.2 किलो गैस होती है. सिलेंडर पर खाली वजन अंकित रहता है. उसमें 14.2 किलो जोड़ने पर भरे सिलेंडर का अपेक्षित कुल वजन पता चल जाता है. वजन में अंतर मिलने पर उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी से शिकायत कर सकते हैं.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः रायपुर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सीएम साय ने किया भव्य स्वागत, कल बस्तर के मुरिया दरबार में लेंगी हिस्सा
