Durg Crime News: दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. ग्राम नारधा में महज एक पुरानी बाइक चोरी के विवाद को लेकर रायपुर नगर निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 35 वर्षीय भीम गायकवाड़ के रूप में हुई है, जो अपने पीछे तीन मासूम बच्चों और पत्नी को छोड़ गए हैं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
एएसपी शोजराज अग्रवाल ने बताया कि मृतक भीम गायकवाड़ ने करीब दो साल पहले आरोपी अरविंद चतुर्वेदी से एक सेकंड-हैंड मोटरसाइकिल ली थी. दुर्भाग्य से वह बाइक रायपुर से चोरी हो गई. इसी बात को लेकर अरविंद, भीम से रंजिश रखने लगा. विवाद सुलझाने के लिए भीम ने उसे दूसरी बाइक देने की पेशकश भी की, लेकिन सनकी आरोपी अपनी ही पुरानी गाड़ी वापस मांगने की जिद पर अड़ा रहा. मंगलवार (4 अगस्त) को आरोपी अरविंद ने साज़िश के तहत भीम को अपने पास बुलाया, उसे शराब पिलाई और फिर अचानक पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते आरोपी ने धारदार हथियार से भीम पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अरविंद चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. लेकिन इस दर्दनाक वारदात ने तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है. पीड़ित परिवार अब प्रशासन से कड़े से कड़े न्याय की गुहार लगा रहा है.
