CG News: दुर्ग. जिले के रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में मंगलवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा की छत का प्लास्टर अचानक छात्रों के ऊपर आ गिरा. हादसे में तीन छात्र-छात्राओं को चोटें आई हैं. इनमें कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट लगी है. उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है, जहां उसके सिर में तीन टांके लगाए गए हैं.
घटना के समय कक्षा में करीब 50 विद्यार्थी संस्कृत विषय की परीक्षा दे रहे थे. सभी छात्र परीक्षा में व्यस्त थे, तभी अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया. प्लास्टर गिरते ही कक्षा में मौजूद विद्यार्थियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए परीक्षा प्रभावित हो गई. हादसे में तीन बच्चे घायल हुए, जिन्हें स्कूल प्रबंधन की ओर से तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. दो अन्य विद्यार्थियों को मामूली चोटें आने की जानकारी है.
जांच के लिए टीम भेजी
घटना की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच दल को स्कूल भेजा है. टीम स्कूल भवन की स्थिति का निरीक्षण कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि छत का प्लास्टर किन परिस्थितियों में गिरा. भवन की हालत, पूर्व में की गई मरम्मत तथा सुरक्षा से संबंधित शिकायतों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
स्कूल भवनों की सुरक्षा पर सवाल
परीक्षा के दौरान करीब 50 विद्यार्थियों की मौजूदगी वाले कमरे में छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने सरकारी स्कूलों में भवनों की सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यदि प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरता तो हादसा और गंभीर हो सकता था. घटना के बाद विद्यार्थियों के परिजनों में भी चिंता का माहौल है. शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे के कारणों और भवन के रखरखाव से जुड़ी जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG Crime News: 10 वर्षीय मासूम ने खाट पर कुर्सी रखकर लगाया फंदा, मौत
