Durg: दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान इलाके में ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया. महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर दोनों ने उसकी हत्या कर दी.
दुर्ग में पैसों का लालच देकर महिला की हत्या
सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि 16 जुलाई को महिला मजदूरी के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. इसी दौरान पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. महिला के सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें थीं.
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. विशेष पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को नितेश ठाकुर और हर्ष यादव पर संदेह हुआ. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया.
ये भी पढ़ें- CG News: बारिश के बाद रायगढ़ के कई इलाकों में जलभराव, कवर्धा में उफान पर नदी-नाले, जन-जीवन हुआ अस्त-व्यस्त
उन्होंने ने कहा कि आरोपियों ने पहले गमछे से महिला का गला दबाया और फिर बोल्डर पत्थर से सिर व चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद कपड़े बदलकर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है.
