Vistaar NEWS

CG News: सूने मकान में संदिग्ध हालत में मिला बुजुर्ग का शव, बदबू आने पर हुआ खुलासा

Elderly Person's Body Found in Vacant House

सुने मकान में मिली बुजुर्ग की लाश

CG News: दुर्ग जिले के कातुलबोर्ड इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सूने मकान के अंदर 55-60 वर्षीय अधेड़ टेटकू राम बांधे का संदिग्ध अवस्था में शव मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है.

अकेले रहता था मृतक

दरअसल, मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कातुलबोर्ड में मृतक टेटकू राम बांधे घर में अकेले रहता था और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है. उसकी तीन-चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जिसके बाद से वह घर में अकेला ही रह रहा था.

बदबू आने पर हुआ खुलासा

पड़ोसियों को घर से तेज बदबू आने लगी, जिसके बाद उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई. जब आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी ली, तब घटना का खुलासा हुआ. मृतक का शव घर के अंदर सोफे पर बैठी हुई हालत में मिला, जो काफी हद तक डिकंपोज यानी सड़-गल चुका था. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अधेड़ की मौत करीब तीन-चार दिन पहले हुई होगी. शव की हालत को देखते हुए पुलिस भी यही अनुमान लगा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी. मामले की जांच जारी है.

ये भी पढे़ं- CG News: रायपुर में पानी के विवाद में युवक की हत्या, महानदी की रेत में दफन मिली लाश, पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Exit mobile version