Vistaar NEWS

तीजन बाई की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए भूपेश बघेल, बोले- उन्हें हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा

Former CM Bhupesh Baghel paid tribute to Teejan Bai

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने पंडवानी गायिका तीजन बाई को दी श्रद्धांजलि

Durg News: विश्व पटल पर छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी को नई पहचान दिलाने वाली पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात पंडवानी गायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई के दशगात्र एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन उनके पैतृक ग्राम गनियारी में किया गया. इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कलाकार, शिष्य, सहयोगी और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे. भूपेश बघेल ने डॉ. तीजन बाई के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

‘उन्हें हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा’

मीडिया से चर्चा में भूपेश बघेल ने कहा कि डॉ. तीजन बाई केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया में पंडवानी की खुशबू फैलाने वाली अंतरराष्ट्रीय कलाकार थीं. उन्होंने कहा कि आज हजारों की संख्या में उनके श्रोता, शिष्य और पंडवानी से जुड़े कलाकार गनियारी पहुंचे हैं, जो उनके प्रति लोगों के सम्मान और प्रेम का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि जब तक पंडवानी कला जीवित रहेगी, तब तक डॉ. तीजन बाई को पूरे सम्मान के साथ याद किया जाएगा.

राज्य सरकार पर साधा निशाना

विधानसभा के मानसून सत्र का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर खाद, बीज और बिजली की कमी को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाया था, लेकिन सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर सदन का बहिष्कार किया गया. उनका आरोप था कि किसानों को पर्याप्त खाद, बीज और बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही है और सरकार केवल सलाह देने तक सीमित है.

ये भी पढ़ें: ‘छत्तीसगढ़ ने अपनी सांस्कृतिक धरोहर का अनमोल रत्न खो दिया…’, मंत्री राजेश अग्रवाल ने तीजन बाई को दी श्रद्धांजलि

हिडमा वाले बयान पर क्या बोले बघेल?

हिड़मा से जुड़े विवादित बयान पर भूपेश बघेल ने कहा कि जो भी जल, जंगल और जमीन की रक्षा करेगा, वह प्रेरणादायक हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के जंगलों को उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है और बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति निहत्थे होकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा करता है तो वह भी प्रेरणास्रोत हो सकता है.

Exit mobile version