Vistaar NEWS

Kawardha: NH-30 की बदहाली देख विजय शर्मा ने रुकवाई गाड़ी, सड़क का लिया जायजा, निर्देश के बाद मरम्मत शुरू

Deputy CM Vijay Sharma

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने NH-30 का निरीक्षण किया

Karwardha News (वेदांत शर्मा की रिपोर्ट): कवर्धा जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है. वहीं, बारिश का असर नेशनल हाईवे-30 के रायपुर-जबलपुर मार्ग पर भी देखने को मिल रहा है. हाईवे पर जगह-जगह सड़क के जर्जर हिस्से, गड्ढों और जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

हाईवे के हिस्सों में हुआ जलभराव

बारिश के चलते सड़क के कई हिस्सों में पानी भर गया है. जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सड़क की स्थिति के चलते काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है. वहीं, हाईवे पर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती नजर आई.

उपमुख्यमंत्री ने सड़क जायजा लिया

इसी दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा भी इसी मार्ग से गुजर रहे थे. सड़क की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और मौके पर उतरकर सड़क का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके की स्थिति की जानकारी ली और सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत तथा जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

सड़क का मरम्मत कार्य शुरू हुआ

डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश के बाद महज कुछ ही देर में सड़क के खराब हिस्सों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया. बारिश के बीच तत्काल शुरू हुई मरम्मत की कार्रवाई से वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है.

लोगों की मांग नियमित निगरानी की जाए

हालांकि, लगातार बारिश के दौरान सामने आई हाईवे की बदहाल तस्वीर ने सड़क निर्माण और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल भी खड़े किए हैं. जलभराव और गड्ढों की समस्या के बीच यह जरूरी है कि हाईवे के संवेदनशील हिस्सों में नियमित निगरानी के साथ समय रहते मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान यातायात सुचारू रहे और किसी संभावित हादसे को टाला जा सके.

ये भी पढ़ें: CG News: एकलव्य विद्यालय में छात्र की संदिग्ध मौत, तीन विधायकों ने की न्यायिक जांच की मांग

वहीं, मौके पर स्थिति देखने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की तत्काल पहल और अधिकारियों को दिए निर्देश के बाद शुरू हुई मरम्मत की कार्रवाई से यह जरूर साफ हुआ कि सड़क की समस्या सामने आते ही उसे दूर करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तत्काल कदम उठाए गए.

Exit mobile version