राजनांदगांव. राजनांदगांव में भरोसे और पहचान का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली एक युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी युवती अपनी छोटी बहन की सहेली के घर आती-जाती थी और मौका पाकर अलमारी में रखे करीब 2 लाख 20 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पार कर ले गई थी.
सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर दुर्ग महिला जेल भेज दिया है. (Girl Arrested in Rajnandgaon for Stealing Jewellery Worth Rs 2.20 Lakh from Her Sister’s Friend’s House; Sent to Durg Women’s Jail)
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, लखोली बैगापारा निवासी प्रार्थिया ने 6 नवंबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनके घर की अलमारी से अज्ञात व्यक्ति ने पुरानी इस्तेमाली चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट, सोने के तीन जोड़ी टॉप्स समेत अन्य सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 2,20,000 रुपए आंकी गई थी. शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
कैसे रची गई थी चोरी की साजिश?
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई.
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ व मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई. पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी युवती श्रेया रानी भीमगंज (21 वर्ष), निवासी शंकरपुर शिवानंद चौक, ओपी चिखली, अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आती-जाती थी. घटना वाले दिन भी वह अपनी छोटी बहन के साथ उसकी सहेली के घर पहुंची थी. वहां पहुंचने के बाद उसने योजनाबद्ध तरीके से अपनी छोटी बहन और उसकी सहेली को कुछ सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया. जैसे ही दोनों घर से बाहर निकलीं, आरोपी ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चुरा लिए और फरार हो गई.
जेवरात बरामद, महिला जेल भेजा गया
परिचित होने के बावजूद की गई इस वारदात के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर श्रेया रानी भीमगंज को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 20 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त कर लिए.
पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 22 नवंबर 2026 को आरोपी युवती को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया. इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार सहित कोतवाली और साइबर सेल की टीम के अन्य अधिकारियों व जवानों की अहम भूमिका रही.
