Vistaar NEWS

CG News: शक और गुस्‍से में प्रेमी ने ले ली गर्लफ्रेंड की जान, हत्या के बाद पुलिस को लगाया फोन, आरोपी गिरफ्तार

The deceased young woman and the accused young man

मृतक युवती और आरोपी युवक

CG News: दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार, शक और गुस्से ने एक युवती की जान ले ली. 17 अप्रैल की दोपहर आरोपी कार्तिक राम साहू (27) ने अपनी गर्लफ्रेंड यूनेश्वरी वर्मा (26) की गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने खुद ही डायल-112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

पढ़ाई के दौरान हुई थी मुलाकात

मृतका यूनेश्वरी वर्मा खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी और दुर्ग में पढ़ाई कर रही थी. वहीं आरोपी कार्तिक बालोद जिले का निवासी है. दोनों की मुलाकात दुर्ग-बालोद रोड स्थित बीएम कॉलेज, कोलिहापुरी में बी.एड की पढ़ाई के दौरान हुई थी. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन कार्तिक को यूनेश्वरी वर्मा पर किसी और से संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.

किराए के कमरे में हुआ विवाद

घटना के दिन कार्तिक साहू युवती को अपने सुभाष नगर स्थित किराए के कमरे में लेकर गया. वहां फिर इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने यूनेश्वरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर बताया कि युवती बेहोश हो गई है.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस जांच जारी है.

ये भी पढे़ं- CG News: मतांतरण कानून पर बढ़ा विवाद, कड़े दंड प्रावधानों के खिलाफ ईसाई समाज ने दी हाई कोर्ट में चुनौती

Exit mobile version