Gold Theft in Raipur:रायपुर। राजधानी रायपुर में सोने के आभूषण बनाने वाले कारीगर ने अपने ही मालिक को लाखों रुपए की चपत लगा दी। भरोसे के साथ मालिक ने कारीगर को 60 ग्राम कच्चा सोना आभूषण बनाने दिया था, लेकिन आरोपी इसे लेकर फरार हो गया है, अब रायपुर पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक नया पारा शंकर चौक स्थित दुकान में काम करने वाला पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर राजू डोलाई पिता प्रहलाद चंद्रा डोलाई(35), निवासी जायरम चाक, पूरबा मेदिनीपुर,पश्चिम बंगाल 60 ग्राम कच्चा सोना, जिसकी कीमत करीब 7.80 लाख रुपए थी, चोरी कर फरार हो गया। गोलबाजार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। बता दें कि मालिक ने इस पूरे मामले की रिपोर्ट जनवरी 2026 को की थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 40 ग्राम कच्चे सोने और एक मोबाइल फोन को बरामद किया है। जब्त सामान की कीमत करीब 4.70 लाख रुपए बताई गई है। चोरी किए गए शेष सोने और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
दो साल पहले कारीगर के तौर पर रखा था
पुलिस के मुताबिक नया पारा शंकर चौक निवासी नंद किशोर सोनी की एलजी डाई कटिंग की दुकान है, जहां सोने के आभूषण बनाने का काम होता है। करीब दो साल पहले परिचित कारीगर के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी राजू डोलाई से उनकी पहचान हुई थी। इसके बाद राजू को आभूषण बनाने के काम के लिए कारीगर के तौर पर रखा गया था। 11 जनवरी 2026 को नंद किशोर ने राजू को आभूषण बनाने के लिए 60 ग्राम कच्चा सोना यानी छह तोला दिया था। राजू ने इस सोने को दुकान में रखी कारीगरों की आलमारी में रख दिया था।
ऐसे खुला चोरी का राज
पुलिस के अनुसार सोना रखने के अगले दिन राजू तबीयत खराब होने की बात कहकर काम पर नहीं आया। इसके बाद वह लगातार गायब रहा। जब मालिक ने उसके बारे में पता किया तो वह अपने रहने के स्थान पर भी नहीं मिला। 15 जनवरी को नंदकिशोर सोनी ने अपने कर्मचारियों की मौजूदगी में राजू की आलमारी की जांच की। आलमारी में रखा 60 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद उन्होंने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 16/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से जोधपुर पहुंची पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी राजू फरार हो गया था। लंबित संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिए। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शिकायतकर्ता से दोबारा पूछताछ की। आरोपी से संबंधित दस्तावेजों और उपलब्ध तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के जोधपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम राजस्थान रवाना हुई। जोधपुर में संभावित ठिकानों पर निगरानी और स्थानीय स्तर पर पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
20 ग्राम सोना नहीं हुआ बरामद
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन बरामद किया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब चोरी किए गए बाकी सोने के संबंध में आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के बाद सोना कहां खपाया गया और क्या इस वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur: शराब पिलाकर महिला से गैंगरेप, बिलासपुर की पीड़िता ने दर्ज कराया मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार
