CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रिश्वतखोरी का एक मामला सामने आया है, जहां सरकंडा थाने में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल पर तीन आरोपियों को छोड़ने के बदले पैसे मांगने का आरोप लगा है. इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्स्टेबल शोभित कैवर्त्य को निलंबित कर दिया है.
एसपी ने किया सस्पेंड
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब दो महीने पुराना है. वीडियो में हेड कॉन्स्टेबल साफ तौर पर यह कहते सुनाई दे रहा है कि तीन लोगों को इतनी आसानी से नहीं छोड़ा जाएगा और इसके लिए 10 हजार रुपए देने होंगे. वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से उसे सस्पेंड कर पुलिस लाइन भेज दिया. साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं.
थाने में बैठाकर दी धमकी
जानकारी के अनुसार, मारपीट से जुड़े एक मामले की जांच की जिम्मेदारी हेड कॉन्स्टेबल शोभित कैवर्त्य को दी गई थी. आरोप है कि उसने तीन आरोपियों को थाने में बैठाकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और जेल भेजने की धमकी दी. इसके बाद उन्हें छोड़ने के एवज में पैसों की मांग की गई.
मारपीट जैसे मामलों में सामान्य तौर पर आरोपियों को थाने से ही जमानत मिल जाती है, लेकिन इस केस में कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत मांगे जाने की बात सामने आई है. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि आरोपी पुलिसकर्मी ने 10 हजार रुपए ले भी लिए थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पहले भी आ चुके ऐसे मामले
गौरतलब है कि हाल के महीनों में छत्तीसगढ़ में पुलिसकर्मियों से जुड़े ऐसे कई मामले सामने आए हैं. करीब तीन महीने पहले कोरिया जिले की पोड़ी चौकी में पदस्थ एसआई अब्दुल मुनाफ को एसीबी ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था. उस पर एक किसान को हत्या के मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपए मांगने का आरोप था. वहीं, एक महीने पहले राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाने से भी रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी.
ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना के पोरसा थाने के एएसआई का रिश्वत लेते वीडियो, जमानत के नाम पर पैसे मांगने के आरोप
