MP News: मुरैना के पोरसा थाने के एएसआई का रिश्वत लेते वीडियो, जमानत के नाम पर पैसे मांगने के आरोप

MP News: मुरैना के पोरसा थाने में पदस्थ एएसआई रामावतार सिंह पर गरीब लोगों से जमानत और केस में राहत दिलाने के नाम पर पैसे लेने के गंभीर आरोप लगे हैं.
ASI accepting a bribe

रिश्वत लेते एएसआई

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना के पोरसा थाने में पदस्थ एएसआई रामावतार सिंह पर गरीब लोगों से जमानत और केस में राहत दिलाने के नाम पर पैसे लेने के गंभीर आरोप लगे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो वीडियो ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि दोनों वीडियो कुछ माह पुराने हैं, लेकिन अब सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है.

पहले वीडियो में रुपये लेते दिखे एएसआई

पहले वायरल वीडियो में एक युवक एएसआई को रुपये देते हुए दिखाई दे रहा है. युवक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि वह पहले ही 9 हजार रुपये दे चुका है और अब 500 रुपये लेकर आया है, लेकिन एएसआई पूरे 1 हजार रुपये लेने की बात पर अड़े दिखाई देते हैं. वीडियो में कथित तौर पर पैसों का लेन-देन खुलेआम होता नजर आ रहा है.

जमानत कराने के नाम पर मांगे 5 हजार रुपये

दूसरे वीडियो में किसी मामले में जमानत कराने के नाम पर 5 हजार रुपये मांगे जाने की बात सामने आई है. युवक केवल 2 हजार रुपये ही दे पाता है, जिस पर एएसआई कथित तौर पर रुपये वापस लौटा देते हैं. वीडियो में मौजूद लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि युवक बेहद गरीब परिवार से है और उसका पिता मजदूरी करता है, लेकिन इसके बावजूद उसे कोई राहत नहीं दी जाती.

टीआई के नाम पर लेन-देन की चर्चा

सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि वीडियो में लेन-देन थाना प्रभारी (टीआई) के नाम पर किए जाने की बात कही जा रही है. इससे पूरे थाना स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. वायरल वीडियो के बाद इलाके में पुलिस व्यवस्था और कार्यशैली को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है.

पुलिस विभाग की ओर से नहीं आया बयान

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में पुलिस की छवि को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, अभी तक पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यदि वीडियो की सत्यता की पुष्टि होती है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है.

ये भी पढे़ं- Morena: मुरैना में खुलेआम हो रहा चंबल की अवैध रेत का इस्तेमाल, जिम्मेदार विभागों पर उठे सवाल

ज़रूर पढ़ें