Vistaar NEWS

वाराणसी से बिलासपुर में ज्वेलरी शाॅप को चूना लगाने आए पति-पत्नि, नकली सोने से बदलना चाहते थे असली सोना, ऐसे खुली पोल

The Accused Husband and Wife

आरोपी पति-पत्नी

CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश से आए एक विवाहित जोड़े ने ज्वेलरी शॉप में फर्जीवाड़ा करने की कोशिश की, लेकिन उनकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. दोनों ने 18 कैरेट हॉलमार्क वाले गहनों के नाम पर दुकानदार को धोखा देने का प्लान बनाया था, लेकिन जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई.

दुकान में एंट्री कर रचा प्लान

घटना बिलासपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान की है, जहां वाराणसी निवासी पति-पत्नी असली सोने के बदले नकली गहने बदलवाने के इरादे से पहुंचे थे. उन्होंने दुकानदार को भरोसा दिलाने के लिए नकली गहनों को असली बताकर पेश किया और बदले में दूसरे जेवर लेने की बात कही. उन्हें पूरा यकीन था कि उनका फर्जी सोना पकड़ा नहीं जाएगा.

जांच में खुल गई पोल

दुकानदार को गहनों को देखते ही शक हो गया, क्योंकि उनका वजन सामान्य से कम था. इसके बाद जब गहनों की मशीन से जांच की गई, तो साफ हो गया कि सोना नकली है. जैसे ही ठगी की कोशिश का खुलासा हुआ, आरोपियों के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं.

पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुकानदार ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर आरोपी महिला पूनम वर्मा और उसके पति संजय वर्मा को हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से नकली टॉप्स और अंगूठी बरामद की गई. फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि दुकानदार की सतर्कता से लाखों रुपये की ठगी का जाल सबके सामने आ गया.

ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ में जनगणना की तैयारी पूरी, 62 हजार से ज्यादा अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी, जानें कब से होगी शुरू

Exit mobile version