Vistaar NEWS

CG News: दुर्ग में लेडी हेड कॉन्‍स्‍टेबल ने महिला के साथ की मारपीट, पीड़‍िता ने कहा- पेट में लात मारी

Female Head Constable Assaults Woman

लेडीज हेड कॉन्‍स्‍टेबल ने महिला के साथ की मारपीट

CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला और लेडी हेड कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि पुलिसकर्मी ने महिला को थप्पड़ मारने के बाद उसके साथ बाल खींचकर मारपीट की, वहीं महिला की मां को भी नहीं बख्शा गया. घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है और विवाद की जड़ एक ज्वेलरी शॉप में पैसों का लेन-देन है.

एडवांस रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता जया गाड़े 19 अप्रैल को अपनी मां के साथ सहेली ज्वेलर्स पहुंची थीं, जहां उन्होंने पहले दिए गए एडवांस के 50 हजार रुपये वापस मांगे. बताया जा रहा है कि उन्होंने 15 अप्रैल को गहने बनवाने के लिए ऑर्डर दिया था, लेकिन बाद में उसे रद्द कर दिया. आरोप है कि दुकान संचालक ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और पुलिस को बुला लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.

दुकान में बहस के बाद मारपीट

घटना के दौरान जया गाड़े और दुकान के स्टाफ के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. पीड़िता का आरोप है कि मौके पर पहुंची महिला हेड कॉन्स्टेबल लता सुमन साहू ने बिना स्थिति को समझे उनके साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारा और बाल पकड़कर घसीटा. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई.

ऑपरेशन वाली जगह पर मारी लात

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पेट का ऑपरेशन हो चुका है, बावजूद इसके उसी स्थान पर लात मारी गई. उसने बताया कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए और जब उसकी मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी धक्का देकर पीटा गया. इसके अलावा, महिला का कहना है कि उसका आईफोन जमीन पर पटककर नुकसान पहुंचाया गया.

थाने में भी मारपीट का आरोप

पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और थाने के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई. उसने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत पर आरोप लगाया है कि उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया.

एसएसपी से शिकायत, कार्रवाई की मांग

पूरे मामले को लेकर महिला ने दुर्ग के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से शिकायत की है और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

ये भी पढे़ं- Chhattisgarh: अब दो पहिया चालकों के साथ-साथ पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी, निर्देश जारी

Exit mobile version