Vistaar NEWS

Raipur Crime News: ट्रेन में यात्रियों को डंडा मारकर मोबाइल लूटने वाले आरोपी चढ़ा RPF-GRP के हत्थे

Raipur Crime News: रायपुर. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट रायपुर और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) रायपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लोकल ट्रेन में यात्री से मोबाइल लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने ट्रेन में मोबाइल पर बात कर रहे यात्री के हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल छीना और ट्रेन से उतरकर फरार हो गया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

जानकारी के मुताबिक, घटना 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है. गाड़ी संख्या 68706 डोंगरगढ़-बिलासपुर लोकल रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले यात्री दीपक पटेल (32), निवासी बिजोरा, कटघोरा, जिला कोरबा मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उनके हाथ पर डंडा मार दिया और मोबाइल फोन छीनकर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया.

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी रायपुर थाना में अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज किया गया. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की गई.

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार और रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट रायपुर और जीआरपी रायपुर की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके साथ ही आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश और पूछताछ शुरू की गई.

लगातार प्रयास के बाद संयुक्त टीम ने 11 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित ऑटो स्टैंड से घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान अंशु रानेकर (19), पिता दीपक रानेकर, निवासी डाली कुआं, बजरंग मंदिर के पास, रामनगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई. आरोपी के कब्जे से यात्री से छीना गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया.

टिकट काउंटर से मोबाइल चोरी का भी खुलासा

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वीवो कंपनी का एक अन्य मोबाइल फोन भी मिला. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इस मोबाइल को 20 अप्रैल 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट काउंटर से चोरी करना स्वीकार किया. इस मामले में जीआरपी रायपुर थाना में अपराध क्रमांक 74/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत पहले से मामला दर्ज है.
कार्रवाई करने वाली टीम में आरपीएफ निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक बीके राठौर, सहायक उप निरीक्षक डीके वर्मा, संजय यादव, संतोष क्षत्रिय, बीएस ठाकुर और एसके सुखीतराम शामिल रहे.

चाकूबाजी पर पुलिस की कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में आरोपी गिरफ्तार

राजधानी में चाकूबाजी और धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है.अभनपुर और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक युवक को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. दोनों मामलों में पुलिस ने धारदार चाकू बरामद किए हैं.

हसदा तिराहा के पास चाकू लेकर घूम रहा था युवक

अभनपुर थाना पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की रात थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग पर थे. इसी दौरान अभनपुर-नयापारा रोड स्थित हसदा तिराहा के पास तीन व्यक्ति संदिग्ध हालत में आते दिखाई दिए. पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ और तलाशी ली. तलाशी के दौरान तिलक ध्रुव के कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू बरामद हुआ. पुलिस ने चाकू को विधिवत जब्त कर लिया. मौके पर आरोपी को चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पुलिस ने आरोपी तिलक ध्रुव के खिलाफ थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 265/2026 दर्ज किया है. उसके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 111 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके साथ मिले दो अपचारी बालकों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में एक बटनदार धारदार चाकू और बिना नंबर की काले रंग की हीरो होंडा मोटरसाइकिल जब्त की है.

विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला

दूसरी कार्रवाई पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस ने चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपी कूष सोनकर (19) को गिरफ्तार किया है.आरोपी पर विवाद के दौरान दुश्यंत साहू को जान से मारने की धमकी देकर धारदार चाकू से हमला करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को प्रार्थी ताराचंद साहू ने पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि भाठागांव क्षेत्र में उनके भतीजे दुश्यंत साहू का कूष सोनकर के साथ विवाद हो रहा था. सूचना मिलने पर ताराचंद मौके पर पहुंचे. इसी दौरान आरोपी ने दुश्यंत को जान से मारने की धमकी दी और जेब से धारदार चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई. डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए.

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लिया। जांच के दौरान प्रार्थी, आहत और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. आरोपी की पहचान कूष सोनकर, पिता संतोष सोनकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी त्रिभूर्ति चौक, जागृति स्कूल के पास, भाठागांव, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया. पुरानी बस्ती थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 374/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Chhattisgarh News: कोर्ट का आदेश, सहायक आयुक्त से होगी 13.14 लाख रुपए की वसूली, कुर्की वारंट जारी

Exit mobile version