Vistaar NEWS

CG News: प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण के आरोप, टिकरापारा में हंगामा

Crime News Breaking - Webp

क्राइम न्यूज

इनपुटः अभिषेक मिश्रा.

CG News: धमतरी शहर के टिकरापारा इलाके में रविवार को एक निजी मकान में आयोजित कथित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद की स्थिति बन गई. सभा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की सूचना के बाद हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. संगठन ने सभा की आड़ में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया. सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई.

हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि टिकरापारा स्थित एक निजी मकान में प्रार्थना सभा के नाम पर बाहर से करीब 35 से 40 लोगों को बुलाया गया था. संगठन के सदस्यों ने इसे कथित चंगाई सभा बताते हुए आरोप लगाया कि इसकी आड़ में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा था. इसी सूचना के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सभा का विरोध किया.

मौके पर पहुंचे हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. संगठन ने कहा कि यदि जांच में धर्मांतरण से संबंधित कोई गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए. इधर, विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई. एएसपी डीसी पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की और आयोजन से संबंधित जानकारी जुटाई. पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया.

एएसपी डीसी पटेल ने कहा कि मौके पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी. उनके द्वारा दी गई जानकारी और घटनाक्रम के तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे मामले की जांच जरूरी है. फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभा में शामिल लोगों से पूछताछ के साथ आयोजन के उद्देश्य और वहां हुई गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

वहीं, हिन्दू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. संगठन का कहना है कि धार्मिक आयोजन की आड़ में यदि कोई अवैध गतिविधि संचालित हो रही है तो उसे तत्काल रोका जाना चाहिए.

ये समाचार भी जरूर पढ़ेंः Korba News: बिजली फॉल्ट के 24 घंटे बाद NTPC कोरबा की 3 यूनिट्स फिर चालू, सभी 7 इकाइयां हो गई थीं ठप

Exit mobile version