Vistaar NEWS

CG News: भारतमाला मुआवजा घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, आरोपी जयप्रकाश गांधी की 12.78 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

CG News

CG News: भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी जयप्रकाश गांधी की 12.78 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां अटैच कर दी हैं. ED ने इस कार्रवाई के तहत कुल 62 चल और अचल संपत्तियों को जब्त किया है. जब्त की गई संपत्तियों में जमीन, अन्य अचल संपत्तियों के साथ-साथ शेयर और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स भी शामिल हैं.

भारतमाला मुआवजा घोटाले 12.78 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

बताया जा रहा है कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जयप्रकाश गांधी की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं, इस पूरे मामले में ED अब तक 14 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दायर कर चुकी है. जांच एजेंसी के अनुसार, भारतमाला परियोजना की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी होने के बाद कथित रूप से जमीन खरीदकर अधिक मुआवजा हासिल करने की साजिश रची गई थी. इसी कथित अनियमितता और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच ED लगातार कर रही है. फिलहाल भारतमाला मुआवजा घोटाले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है.

जांच में हुए कई खुलासे

जांच की शुरुआत EOW और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की ओर से दर्ज FIR के आधार पर की गई थी. जांच में सामने आया कि अधिसूचना जारी होने के बाद जमीन खरीदकर उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांटा गया, ताकि मुआवजे की राशि कई गुना बढ़ाई जा सके. इसके लिए परिवार के सदस्यों के नाम पर बिक्री और दान पत्रों का भी इस्तेमाल किया गया.

ये भी पढ़ें- अफसरशाही पर सियासत: बृजमोहन अग्रवाल और IAS अमित कटारिया के बीच विवाद, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

ED के मुताबिक, जय प्रकाश गांधी और उनके परिवार को जहां करीब 56.76 लाख रुपये का वैध मुआवजा मिलना था, वहीं उन्हें लगभग 9.83 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। एजेंसी का दावा है कि इस प्रक्रिया से करीब 9.27 करोड़ रुपये का अवैध लाभ अर्जित किया गया.जांच में एक अन्य मामले में उमा तिवारी पर भी फर्जी राजस्व दस्तावेजों के आधार पर खुद को भूमि स्वामी की दत्तक पुत्री बताकर करीब 2.13 करोड़ रुपये का मुआवजा लेने का आरोप है.

Exit mobile version