Vistaar NEWS

CG Monsoon Session: सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा, सत्ता-पक्ष और विपक्ष में तीखी नोकझोंक

CG Monsoon Session

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र

Fifth Day Assembly Updates Live: छत्तीसगढ़ विधानसभा में उस समय भारी सियासी सरगर्मी देखने को मिली, जब विपक्ष द्वारा सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में तीखी चर्चा शुरू हुई. विधानसभा की यह कार्यवाही न सिर्फ आरोपों के लिहाज से बल्कि पक्ष-विपक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक और दिलचस्प सियासी बयानों के कारण भी चर्चा में आ गई है.

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मोर्चा संभाला. उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी मंत्रिपरिषद के खिलाफ आधिकारिक तौर पर अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया. इस प्रस्ताव को रखने के साथ ही उन्होंने सरकार के खिलाफ एक व्यापक 136 बिंदुओं का आरोप पत्र पटल पर रख दिया. अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करते हुए डॉ. महंत ने सरकार की समय अवधि से इसकी तुलना की.

श्वेक्षा पाठक

CG Monsoon Session Live: अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में साढ़े चार घंटे से चर्चा जारी, डिप्टी सीएम विजय शर्मा का विपक्ष पर हमला

छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा लगातार साढ़े चार घंटे से जारी है. इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए. विजय शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार के समय FL-10 व्यवस्था के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने उस दूषित व्यवस्था को आगे नहीं बढ़ाया, बल्कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उसे हाथ तक नहीं लगाया और केवल “चिमटे से पकड़कर” सुधारने का काम किया.

उन्होंने कहा कि कोयला घोटाले जैसे मुद्दों पर विपक्ष खामोश हो जाता है और प्रदेश की जनता सब कुछ जानती है. डिप्टी सीएम ने दावा किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार किया है और पारदर्शिता लाने का प्रयास किया है.

विजय शर्मा ने नक्सल नीति का भी जिक्र करते हुए कहा कि सदन में इस पर भी चर्चा होगी कि पिछली सरकार के समय नक्सल नीति कैसी थी और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उसमें क्या बदलाव आए हैं.

श्वेक्षा पाठक

CG Monsoon Session Live: अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन में रोचक नोकझोंक, अटल बिहारी वाजपेयी और टीएस सिंहदेव के भाषणों का हुआ जिक्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत लगातार करीब दो घंटे तक अपना पक्ष रखते रहे। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मौकों पर तीखी लेकिन रोचक नोकझोंक देखने को मिली।

बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव के अविश्वास प्रस्ताव पर दिए गए 2 घंटे 50 मिनट के भाषण का जिक्र करते हुए कहा, “आप चाहकर भी टीएस सिंहदेव के भाषण का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकेंगे।”

इस पर डॉ. चरणदास महंत ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “आप बोलने देंगे, तभी तो मैं रिकॉर्ड तोड़ पाऊंगा।”

चर्चा के दौरान डॉ. महंत ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भी उल्लेख करते हुए कहा, “सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन देश बना रहना चाहिए.

महंत के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा, “हमारे नेता को आप इतना सम्मान देते हैं, इसके लिए धन्यवाद।” इस पर नेता प्रतिपक्ष ने जवाब दिया, “मैं तो उनका नाम लेने ही वाला था” अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन में गंभीर बहस के साथ-साथ हल्के-फुल्के संवाद भी देखने को मिले.

श्वेक्षा पाठक

CG Monsoon Session Live: विपक्ष ने सदन में लाया 136 बिंदुओं का अविश्वास प्रस्ताव

नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू की.

अविश्वास प्रस्ताव के मुख्य बिंदु

  • अशासकीय संकल्प की अवमानना,
  • हसदेव कोल आबंटन मामला,
  • बलौदाबाजार आगजनी मामला,
  • पेशा कानून का उल्लंघन,
  • भारत माला गड़बड़ी,
  • बदहाल शिक्षा व्यवस्था,
  • बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था,
  • समाजिक सुरक्षा पेंशन खत्म,
  • वन अधिकार पट्टों का वितरण नहीं होना.
  • किसानों के साथ अन्याय,
  • MSP पर धान की खरीदी पर करोड़ों का नुकसान.
  • श्वेक्षा पाठक

    CG Monsoon Session Live: अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू, सत्ता-पक्ष और विपक्ष में तीखी नोकझोंक

    छत्तीसगढ़ विधानसभा में सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. चर्चा के दौरान बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि “25 वर्षों के विधानसभा कार्यकाल में पहली बार ऐसा हो रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव नेता प्रतिपक्ष स्वयं पेश कर रहे हैं. लगता है कि बाकी सदस्यों पर भरोसा नहीं है.”

    इस पर जवाब देते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि “कांग्रेस में फैसले आपसी सहमति और एक-दूसरे से चर्चा के बाद लिए जाते हैं.” उन्होंने कहा कि सरकार का हर सप्ताह षड्यंत्रों से भरा रहा है और वे सदन में हवा-हवाई बातें नहीं करेंगे.

    डॉ. महंत ने कहा, “मैं 136 बिंदुओं का आरोप पत्र लेकर खड़ा हूं. यह सरकार द्वारा जनता के विश्वास के साथ किए गए छल का दस्तावेज है.”

    श्वेक्षा पाठक

    CG Monsoon Session Live: विधानसभा मानसून सत्र का आज अंतिम दिन, विपक्ष ने पेश किया अविश्वास प्रस्ताव

    छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन विपक्ष ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सदन में अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सरकार पर 136 बिंदुओं का आरोप पत्र रखा.

    विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल रही है, जबकि सत्ता पक्ष ने आरोपों को निराधार बताया। सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है.

    श्वेक्षा पाठक

    CG Monsoon Session Live: विधानसभा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना पर उठा वित्तीय विसंगति का मुद्दा

    छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधायक अनिला भेड़िया ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कथित वित्तीय विसंगतियों का मामला उठाया. उन्होंने बालोद जिले में पिछले दो वर्षों के दौरान आयोजित विवाह कार्यक्रमों और लाभार्थी जोड़ों की संख्या की जानकारी मांगी.

    जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि बालोद जिले में पिछले दो वर्षों में 400 जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कराया गया है.

    मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि सदन में गलत जानकारी दी जा रही है. उन्होंने यह भी पूछा कि यदि योजना में गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं, तो सरकार क्या कार्रवाई करेगी. इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्पष्ट किया कि योजना में आवेदन प्रक्रिया या विवाह आयोजन को लेकर विभाग को किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.

    श्वेक्षा पाठक

    CG Monsoon Session Live: महतारी वंदन योजना पर सदन में हंगामा, विपक्ष ने किया वॉकआउट

    महतारी वंदन योजना पर सदन में जमकर हंगामा हो रहा है. कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने पूछा पोर्टल फिर से कब खुलेगा?

    मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा विष्णु का सुशासन है, जल्द पोर्टल खुलेगा. मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विधायकों ने नारेबाजी की. मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने वॉकआउट किया.

    श्वेक्षा पाठक

    CG Monsoon Session Live: सदन में महतारी वंदन योजना में नाम कटने को लेकर पक्ष-विपक्ष में नोंक-झोंक

    छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने महतारी वंदन योजना से हितग्राहियों के नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि प्रथम किश्त जारी होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम क्यों हटाए गए और उन्हें योजना का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है।

    जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि 1 लाख 55 हजार 655 हितग्राहियों के नाम विभिन्न कारणों से सूची से हटाए गए हैं। इनमें ऐसे हितग्राही भी शामिल हैं जिनकी ई-केवाईसी नहीं हुई, साथ ही मृत एवं अपात्र पाए गए लाभार्थियों के नाम भी हटाए गए हैं।

    इस पर उमेश पटेल ने कहा कि अपात्र घोषित किए जाने के बाद भी करीब एक लाख महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि आयकरदाता और शासकीय सेवकों के परिजनों को योजना के नियमों के तहत अपात्र माना गया है, जबकि करीब एक लाख महिलाओं की राशि ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण रोकी गई है।

    श्वेक्षा पाठक

    CG Monsoon Session Live: सदन में उठा महतारी वंदन योजना का मुद्दा

    छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज महतारी वंदन योजना को लेकर कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सरकार से सवाल किया. उन्होंने पूछा कि प्रदेश में वर्तमान में कितनी महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है और क्या करीब 1 लाख 55 हजार हितग्राहियों के नाम योजना से हटाए गए हैं?

    इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सदन में जवाब देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत शुरुआत में कुल 70 लाख 27 हजार 154 आवेदन प्राप्त हुए थे। वर्तमान में 68 लाख 54 हजार 3 पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है.

    श्वेक्षा पाठक

    CG Monsoon Session Live: मानसून सत्र का पांचवां दिन, सदन की कार्यवाही शुरु

    छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश ने प्रदेश में चावल की आवश्यकता, केंद्रीय पूल और राज्य पूल में उपलब्ध चावल की स्थिति को लेकर सरकार से सवाल किया. सदन में इस मुद्दे पर खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था को लेकर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी गई। सरकार की ओर से संबंधित मंत्री ने प्रश्न का जवाब दिया

    Exit mobile version