CG News: यूपी में गांजा तस्करों को पकड़ने गई रायपुर पुलिस पर हमला, आरोपी ने चोर-चोर चिल्लाया, ग्रामीणों ने पीटा
CG News: छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर उत्तर प्रदेश में ग्रामीणों ने हमला कर दिया. टीम गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में दबिश देने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाकी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई.
यूपी में रायपुर पुलिस पर हमला
ये पूरा मामला यूपी के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र का है. जहां आरोपी के ‘चोर-चोर’ चिल्लाते ही ग्रामीण भड़के उठे और टीम पर हमला कर दिया. मामले की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. मामला यूपी के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र का है.
गांजा तस्करी के मामले में केस दर्ज
इचौली निवासी शिवम केशरवानी के खिलाफ थाना गंज, रायपुर में गांजा तस्करी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज है. विशेष न्यायालय एनडीपीएस ने 28 फरवरी को शिवम केशरवानी और सिराथू निवासी आकाश उर्फ मास्टर की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था. वारंट तामील कराने के लिए पुलिस कमिश्नर रायपुर से अनुमति मिलने के बाद थाना गंज की टीम शुक्रवार को कौशांबी पहुंची.
ये भी पढ़ें- CG News: जांजगीर-चांपा जिला जेल में 4 कैदी HIV पॉजिटिव, रायगढ़ में भी सामने आए थे केस
पुलिस टीम ने पहले सिराथू से वारंटी आकाश उर्फ मास्टर को गिरफ्तार किया. इसके बाद आरक्षी युसुफ खान, जगदेव प्रसाद वर्मा और अजय चौधरी इचौली गांव में शिवम केशरवानी की तलाश में पहुंचे और उसके घर के पास निगरानी करने लगे. इसी दौरान शिवम के भाई, रिश्तेदारों और करीब 50 ग्रामीणों ने चोर-चोर बोलकर उन्हें घेर लिया. इसके बाद मारपीट की गई. जिसमें एक सिपाही घायल हो गए हैं.