CG Patwari Strike Alert:: रायपुर. पीवी ऐप के माध्यम से फसलों के भौतिक सत्यापन में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान नहीं होने से राजस्व पटवारी संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है.
विस्तार न्यूज को संघ ने जानकारी दी कि लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने और ऐप का बहिष्कार करने वाले पटवारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर नाराजगी जताई है. इस संबंध में राजस्व पटवारी संघ की रायपुर जिला शाखा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की सूचना दी है.
संघ का कहना है कि पीवी ऐप के माध्यम से फसल सत्यापन के दौरान आ रही परेशानियों से शासन और विभाग को पहले भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक इनका व्यावहारिक समाधान नहीं किया गया है. दूसरी ओर, पटवारियों पर डिजिटल फसल सर्वेक्षण, एग्रीस्टैक पंजीयन, किसान पंजीयन, जनगणना के प्रथम चरण, लघु सिंचाई गणना, राष्ट्रीय राजमार्ग सर्वेक्षण, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों से जुड़े कार्यों सहित कई जिम्मेदारियां हैं. इसके अलावा स्वामित्व योजना, सेवा संकल्प शिविर और अन्य विभागीय कार्य भी किए जा रहे हैं. (CG Patwari Strike Alert)
इन बातों पर संघ ने जताई नाराजगी
राजस्व पटवारी संघ ने आरोप लगाया है कि पीवी ऐप का बहिष्कार करने के कारण बलौदाबाजार जिले में संघ के पदाधिकारियों और अन्य पटवारियों का तबादला किया गया तथा कारण बताओ नोटिस जारी किए गए. वहीं महासमुंद जिले में पटवारियों को निलंबित किए जाने पर भी संघ ने आपत्ति जताई है. संघ ने इन कार्रवाइयों को अनुचित बताते हुए वापस लेने की मांग की है.
वेतन विसंगति और पदोन्नति का मुद्दा भी उठाया
संघ ने वर्षों से लंबित वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति का लाभ देने की मांग भी दोहराई है. ज्ञापन में इन मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल करने के साथ ही लंबित मामलों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है. संघ ने स्पष्ट किया है कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर प्रांतीय आह्वान के अनुसार पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे. इससे राजस्व विभाग के विभिन्न कार्य प्रभावित होने की आशंका है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: राशन कार्ड पोर्टल बंद, आयुष्मान कार्ड से लेकर गैस कनेक्शन तक अटके
