रायपुर. छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांकेर में पदस्थ राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इस मामले में बिचौलिये के रूप में काम कर रहे इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है. एसीबी जगदलपुर की टीम ने 21 नवंबर को यह ट्रैप कार्रवाई की.
एसीबी से विस्तार न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने शिकायत की थी कि राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने उनके वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने के बाद उसे रिलीज कराने और प्रकरण में राहत देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी. आरोपी अधिकारी द्वारा इस काम के लिए 1.50 लाख रुपए तक की रिश्वत मांगी जा रही थी.
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था. एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई. इसके बाद 21 नवंबर को ट्रैप की योजना बनाई गई.
कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने अंचला गिरी को उनके निवास पर 1.50 लाख रुपए की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया. यह रकम अधिकारी ने बिचौलिये इमरान मेमन के माध्यम से प्राप्त की थी. जांच में इमरान मेमन (30), निवासी संजय नगर, कांकेर की भूमिका भी सामने आई है.
आय से अधिक संपत्ति की जांच भी शुरू
ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी ने अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में तलाशी की कार्रवाई शुरू की है. इस दौरान संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है.
एसीबी के मुताबिक, अंचला गिरी और इमरान मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी नियमानुसार जांच जारी है. प्रकरण में आगे की विवेचना की जा रही है.
