रायपुर. प्रदेश भाजपा संगठन का सेवा दूत अभियान एक दिसंबर से प्रारंभ हो रहा है. प्रदेश के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्रियों के साथ निगम, मंडल, आयोग के पूर्व पदाधिकारियों को सेवा दूत का जिम्मा दिया गया है. इनको एक-एक विधानसभा में एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक 25 दिनों तक रहना है. इस बीच विधानसभा में कई कार्यक्रम होंगे. केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को गांव-गांव में हर घर तक से जाने की योजना है. भाजपा का यह अभियान मिशन 2028 की बड़ी तैयारी है.
भाजपा अभी से मिशन 2028 की तैयारी में जुट गया है. इसके लिए भाजपा कई कार्यक्रमों का लगातार आयोजन कर रहा है. भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले दौरे में भाजपा नए पुराने दिग्गजों के साथ बैठकें करके कई योजनाओं तैयार की हैं. प्रदेश प्रभारी ने पुराने दिग्गज नेताओं के साथ वन टू वन बात भी की थी. इनको आने वाले समय में जिम्मेदारी भी देने की बात हुई थी.
पुराने नेताओं को बड़ा जिम्मा
प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने पुराने नेताओं को जो जिम्मेदारी देने की बात की थी, उसका पालन करते हुए ही अब सेवा दूत अभियान के लिए पुराने नेताओं को ही बड़ा जिम्मा दिया गया है. एक-एक विधानसभा में वैसे तो एक ही सेवा दूत जाएंगे, लेकिन जहां पर विधानसभा बडी है और वहां पर बूथ ज्यादा हैं तो ऐसी विधानसभाओं में दो-दो सेवा दूत जाएंगे. एक विधानसभा में अगर पांच मंडल हैं तो सेवा दूत को हर मंडल में पांच-पांच दिनों तक रहना होगा. सेवा दूत मंडलों के साथ शक्ति केंद्रों में बैठक करेंगे और वहां पर भाजपा की स्थिति की जानकारी लेंगे.
इसी के साथ अपने प्रवास के दौरान सेवा से जुड़े कार्य भी करेंगे. वृक्षारोपण, सफाई अभियान के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजना का भी आम जनता को लाभ दिलाया जाएगा. किसी को किसी तरह के प्रमाणपत्र को लेकर या किसी विभाग में आवेदन को लेकर परेशानी होगी तो उसको भी सेवा दूत दूर करेंगे.
