पंजाब में BJP और अकाली दल के साथ आने से सियासत में क्या बदलेगा? ये रही गठबंधन की असली वजह

Punjab assembly elections 2027: पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल के बीच खुले तौर पर नाराजगी खत्म हो चुकी है. हालांकि इस नाराजगी को खत्म करने में 6 सालों का समय लगा है. अब दोनों ही दल साथ मिलकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे.

पंजाब में अगले साल यानी कि 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इन चुनावों को लेकर तमाम राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर द‍िया है. तो वहीं अब बीजेपी ने भी साफ कर द‍िया कि वह अपने पुराने सहयोगी यानी शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी. अगर चुनाव पर‍िणाम दोनों के फेवर में आते हैं तो अकाली दल का ही सीएम बनेगा. इस बात का ऐलान खुद गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्‍यक्ष नितिन नवीन ने किया है. ऐसे में जानने की कोशिश करते हैं कि आखिर दोनों के साथ आने की क्या वजह हो सकती है.

साल 2020 में मोदी सरकार तीन कृषि कानून लाई थी. जिसके बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए. किसानों ने देश की राजधानी दिल्‍ली में महीनों तक डेरा डाले रखा. मोदी सरकार के इन कानूनों से नाराज होकर अकाली दल ने एनडीए का साथ छोड़ दिया. हालांकि बाद में सरकार ने इन कानूनों को वापस ले लिया. अब क़रीब छह साल बाद फिर से अकाली दल की एनडीए में वापसी हुई है.

कैसे साथ आई बीजेपी और अकाली दल?

पंजाब में अकाली दल और बीजेपी के साथ आने की पटकथा खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही लिखी थी. इंडियन एक्‍सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक 7 अगस्त को सुखबीर बादल ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर गठबंधन फिर जिंदा करने पर बात भी की थी. पीएम मोदी ने खुद पंजाब बीजेपी नेताओं से कहा था कि यह चुनाव अकालियों के साथ ही लड़ा जाए. यही वजह है कि गठबंधन को फिर से जिंदा करने की कवायत अगस्त 2026 से की जाने लगी थी. जिसका आधिकारिक ऐलान 24 नवंबर को किया गया है. राजनीति और पंजाब के लिहाज से यह दिन काफी खास था. क्योंकि इसी दिन गुरु नानक जयंती थी.

कहीं साथ लड़ने की एक वजह ये तो नहीं?

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन फिलहाल कुछ खास नहीं है. खासतौर पर किसान कानूनों के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों की वजह से पार्टी जो डेंट लगा था. वह 6 साल बाद भी नहीं भर पाया है.  यही वजह है कि पार्टी पुराने रुठे नेताओं को मनाने में लगी है. इसके साथ ही जमीन पर नया कैडर मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

हालांकि साथ चुनाव लड़ने के पीछे की वजह अंदरुनी सर्वे को माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि बीजेपी के कई सीन‍ियर नेताओं यहां तक की पंजाब प्रभारी तक ने कई दौरे और नेताओं से मुलाकात की थी.  बीजेपी ने खुद अपना सर्वे तैयार किया. जिसमें पता चला कि अगर बीजेपी और अकाली दल दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं तो 12-12 सीटों पर ही सिमट जाएंगे.  

जबकि एक साथ लड़ने पर लोग विकल्प  के तौर पर मौका दे सकते हैं. बीजेपी ने जो सर्वे कराया था. वह आम आदमी पार्टी के फेवर में जा रहा था. यही वजह है कि साथ चुनाव लड़ने की तैयारी की गई. लेकिन इसमें भी कई पेंच थे. खासतौर पर सीएम उम्मीदवार को लेकर बातचीत फंस रही थी.

हालांकि कई दौर की बातचीत और सीन‍ियर नेताओं की बैठकों के बाद तय किया गया. अगर पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन को बहुमत मिलता है, तो अकाली दल का सीएम होगा. इसके अलावा एक फार्मूला और तैयार किया गया जो हाल के दिनों में बीजेपी ने कई राज्‍यों में अपनाया है. वह है दो ड‍िप्‍टी सीएम फॉर्मूला.

पंथिक वोट बैंक पर सबकी नजर

पंजाब में हिंदू और सिख मतदाताओं की बड़ी शहरी आबादी है. बीजेपी को उम्मीद है कि शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में उसका समर्थन चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. इसके अलावा दोनों ही दलों की नजर  पंथिक वोट बैंक पर है. यह वोट बैंक पंजाब की राजनीति में बेहद अहम रहा है. एक वजह ये बीजेपी और अकाली दल के साथ आने की इसी को माना जा रहा है.

पंजाब में 24 साल तक भाजपा और अकाली दल का गठबंधन रहा है. इसके अलाव सर्वे में भी साफ हो गया कि एक साथ चुनाव लड़ने में ही फायदा है. जिस तरह की उम्‍मीदें इसको लेकर लगाई जा रही हैं वो सही होती हैं तो बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में बेहद निर्णायक साबित हो सकता है.

कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव?

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं. चर्चा है कि बीजेपी 45-47 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. वहीं शिरोमणि अकाली दल 70 से 72 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकता है. सुखबीर सिंह बादल गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे.   यदि विधानसभा चुनाव में गठबंधन की सरकार बनती है तो बीजेपी को दो डिप्टी सीएम पोस्ट मिल सकता है.  

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें