Vistaar NEWS

ऑनलाइन अटेंडेंस की जानकारी नहीं भेजने पर 19 डीईओ का वेतन रोका

teachers

फाइल फोटो

रायपुर. स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है. वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) एप में ऑनलाइन अटेंडेंस की जानकारी निर्धारित समय पर नहीं भेजने और बार-बार निर्देशों की अनदेखी करने पर लोक शिक्षण संचालक ने प्रदेश के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) का नवंबर माह का वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया है.

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिलों से शिक्षकों एवं स्कूलों में पदस्थ कर्मचारियों की वीएसके एप के माध्यम से दर्ज ऑनलाइन उपस्थिति की जानकारी गूगल शीट में मांगी थी. इसके लिए पर्याप्त समय भी दिया गया था, लेकिन कई जिलों ने निर्धारित समय सीमा में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई. इसके बाद 3 नवंबर को स्मरण पत्र जारी कर तत्काल जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए. इसके बावजूद संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों ने निर्देशों का पालन नहीं किया.

संचालक ने इस लापरवाही को गंभीर उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और शासकीय निर्देशों की अवहेलना मानते हुए कार्रवाई की है. संबंधित डीईओ को वेतन रोकने के आदेश की सूचना भी भेज दी गई है.

85 फीसदी कर्मचारी ही दर्ज कर रहे उपस्थिति

स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए वीएसके एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया है. इसके बावजूद वर्तमान में करीब 85 प्रतिशत शिक्षक-कर्मचारी ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं. एप में पंजीयन होने के बाद भी कई कर्मचारी नियमित रूप से ऑनलाइन अटेंडेंस नहीं लगा रहे हैं. इस संबंध में शिकायतें मिलने के बाद संचालनालय ने जिलों से विस्तृत जानकारी मांगी थी.

इसके अलावा ऐसे स्कूलों की जानकारी भी गूगल शीट में मांगी गई थी, जहां पदस्थ एक भी शिक्षक या कर्मचारी ने वीएसके एप पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है. बताया जा रहा है कि करीब 10 जिलों ने इस महत्वपूर्ण जानकारी को भी गंभीरता से नहीं लिया.

रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर के डीईओ भी शामिल

वेतन रोकने की कार्रवाई की जद में रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर सहित प्रदेश के 19 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी आए हैं. इनमें नारायणपुर, कोंडागांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, धमतरी, कोरबा, कबीरधाम, मुंगेली, सुकमा, बालोद, दंतेवाड़ा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया जिले भी शामिल हैं.

निर्देशों के पालन में लगातार लापरवाही

शिक्षा विभाग में अधिकारियों के प्रभारवाद के बीच उच्च कार्यालय के निर्देशों का समय पर पालन नहीं होने का मामला सामने आया है. लोक शिक्षण संचालनालय को सामान्य प्रशासनिक जानकारियां जुटाने के लिए भी बार-बार पत्र जारी करने पड़ रहे हैं. वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर कई बार निर्देश दिए जाने के बाद भी जिलों से जानकारी नहीं मिलना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है. अब संचालनालय ने वेतन रोकने की कार्रवाई कर स्पष्ट संकेत दिया है कि शासकीय निर्देशों की अनदेखी पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्ती की जाएगी.

Exit mobile version