Vistaar NEWS

छत्तीसगढ़ के किसानों को राहत, अब मोबाइल से घर बैठे कटेगा धान खरीदी का टोकन

Mobile Token System Launched

किसान मोबाइल से टोकन बुक कर सकेंगे

Mobile Token System Launched: छत्तीसगढ़ में धान बेचने वाले किसानों के लिए खरीदी की प्रक्रिया को आसान बनाने की लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है. अब किसानों को टोकन लेने के लिए खरीदी समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. वे अपने मोबाइल से घर बैठे ही धान बेचने का ऑनलाइन टोकन बुक कर सकेंगे. इससे किसानों का समय बचेगा और समितियों में लगने वाली लंबी कतारों से भी छुटकारा मिलेगा.

‘तुंहर टोकन’ ऐप से होगी बुकिंग

किसानों को ऑनलाइन टोकन देने के लिए ‘तुंहर टोकन’ ऐप शुरू किया गया है. किसान इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं. इसके जरिए वे अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने के लिए टोकन बुक कर सकेंगे. इससे उन्हें टोकन कटवाने के लिए बार-बार समितियों में जानें की जरूरत नहीं होगी.

अपनी पसंद से चुन सकेंगे डेट

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के तहत किसानों को धान बेचने की तारीख चुनने की सुविधा भी मिलेगी. किसान अपनी तैयारी और सहूलियत के हिसाब से खरीदी का दिन तय कर सकेंगे. इससे उन्हें धान को खरीदी केंद्र तक पहुंचाने की योजना बनाने में आसान होगी.

70 प्रतिशत टोकन ऐप से होंगे जारी

नई व्यवस्था के तहत कुल टोकन में से 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी किए जाएंगे. वहीं, बाकी 30 प्रतिशत टोकन समितियों से मिलेंगे. जिन किसानों को मोबाइल से टोकन बुक करने में परेशानी होगी, वे समितियों में जाकर टोकन ली सकेंगे.

रकबे के अनुसार मिलेंगे टोकन

समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल की खरीदी होगी. वहीं किसानों के पास मौजूद जमीन के रकबे के अनुसार टोकन की संख्या तय की गई है.

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है. इसके लिए 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रोसेस शुरू हो गई है. नई व्यवस्था से किसानों को टोकन लेने में आसानी मिलेगी. साथ ही खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम करने और धान खरीदी की प्रोसेस को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी.

Exit mobile version