Vistaar NEWS

CG News: सरकारी कर्मचारियों के लिए जरूरी आदेश, 31 अक्टूबर तक पूरे करने होंगे दो कोर्स, नहीं तो अटक सकती है रैंकिंग

Representative image

सांकेतिक तस्‍वीर

CG News: छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को 31 अक्टूबर 2026 तक आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर दो अनिवार्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे. इसमें राजपत्रित और अराजपत्रित, दोनों श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं.

तनाव प्रबंधन और योग निद्रा की ट्रेनिंग जरूरी

अक्टूबर महीने के लिए निर्धारित इन पाठ्यक्रमों में ‘कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन’ और ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा’ शामिल हैं. ये दोनों कोर्स मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं. इनका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण विकसित करने और प्रशासनिक कामकाज में सुधार लाने के साथ उनकी क्षमता का विकास करना है.

विभाग प्रमुखों को सौंपी गई जिम्मेदारी

सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयसीमा समाप्त होने तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का प्रशिक्षण अधूरा नहीं रहना चाहिए. इसके लिए सभी विभाग प्रमुखों और कार्यालय प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की प्रगति की समीक्षा करने और समय पर कोर्स पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं.

3 नवंबर तक भेजनी होगी प्रशिक्षण की रिपोर्ट

विभाग के निर्देशानुसार, सभी संबंधित कार्यालयों को प्रशिक्षण पूरा होने की जानकारी 3 नवंबर 2026 तक ई-मेल के माध्यम से भेजनी होगी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन पाठ्यक्रमों को पूरा करने का संबंध आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर राज्य के प्रदर्शन और रैंकिंग से भी है. ऐसे में सभी विभागों को तय समयसीमा के भीतर प्रशिक्षण पूरा कराने और निर्धारित तारीख तक रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं.

ये भी पढे़ं- CM Helpline की शिकायतों में लापरवाही, लोक निर्माण विभाग के 13 अधिकारियों को नोटिस

Exit mobile version