CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और बेहतर कचरा प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. राज्य के 8 नगर निगम क्षेत्रों में कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) प्लांट स्थापित किए जाएंगे. इन प्लांटों में नगर निगम के जैविक कचरे, कृषि अवशेष (पराली) और पशु अपशिष्ट का उपयोग कर स्वच्छ ईंधन CBG का उत्पादन किया जाएगा. यह पहल राज्य की नई CBG नीति के तहत तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है.
8 नगर निगमों में लगेंगे कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट
सरकार ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर सहित आठ प्रमुख शहरों में प्लांट स्थापना के लिए भूमि चिन्हित कर ली है. परियोजना के शुरू होने से शहरों में कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा, खुले में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आएगी और पर्यावरण प्रदूषण पर भी नियंत्रण मिलेगा.
इस योजना से किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा। फसल कटाई के बाद बचने वाले कृषि अवशेष अब आय का नया स्रोत बनेंगे, जिन्हें प्लांटों तक पहुंचाकर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त की जा सकेगी. वहीं पशुपालकों को भी जैविक अपशिष्ट के बेहतर उपयोग का लाभ मिलेगा.
ये भी पढ़ें- रामानुजगंज में भीषण अग्निकांड, कपड़ा दुकान जलकर खाक, 50 लाख से ज्यादा के नुकसान की आशंका
प्लांटों में तैयार होने वाली कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) की खरीद तेल विपणन कंपनियां करेंगी, जिससे परियोजना को स्थायी बाजार मिलेगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा. सरकार का मानना है कि यह पहल “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा को मजबूत करते हुए हरित ऊर्जा, किसानों की आय और पर्यावरण संरक्षण—तीनों क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाएगी.
