Raipur: लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. चीनी समेत राशन की कई चीजें महंगी होने के विरोध में कांग्रेस अब ‘नमक सत्याग्रह’ की तर्ज पर ‘चीनी सत्याग्रह’ करने जा रही है. छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में आज पार्टी के आवाहन पर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे. कांग्रेस महंगाई और शक्कर के बढ़ते दामों को लेकर मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदर्शन करेगी.
नमक सत्याग्रह की तर्ज पर चीनी सत्याग्रह
इतना ही नहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता चीनी की हो रही कालाबाजारी को लेकर भी अपना विरोध दर्ज कराएंगे. इस प्रदर्शन के दौरान रायपुर, बिलासपुर समेत प्रदेश के सभी शहरों में महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने कांग्रेस नेता जुटेंगे और केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधेंगे. राजधानी रायपुर में भी राजीव गांधी चौक पर कांग्रेस का प्रदर्शन होगा.
कांग्रेस की तरफ से जारी किया गया पत्र
इस सत्याग्रह के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी की तरफ से एक पत्र भी जारी किया गया है. पार्टी की तरफ से जारी इस पत्र में लिखा है कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब, मध्यमवर्गीय और श्रमिक परिवारों पर पड़ रहा है. दैनिक जरूरत की वस्तुओं की कीमत बढ़ने के साथ बाजार में चीनी की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ रही हैं.
पार्टी की तरफ से दिए गए निर्देश
कांग्रेस का कहना है कि, आम लोगों की जरूरत से जुड़ी वस्तुओं की कीमत सीधे तौर पर उनकी घरेलू बजट को प्रभावित करती है. इसी मुद्दे को लेकर पार्टी प्रदेशभर में चीनी को प्रतीक बनाकर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रही है. पार्टी ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, अग्रिम संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ, निर्वाचित प्रतिनिधि और वरिष्ठ नेताओं समेत सभी स्तर के कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका में रहेंगे.
ये भी पढ़ेंः AAP नेता सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत, दिल्ली जल बोर्ड केस में मिली जमानत
