Jabalpur: कांग्रेस का ‘संविधान रक्षा मार्च’, हजारों लोग हुए शामिल, जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
जबलपुर: कांग्रेस ने निकाला 'संविधान रक्षा मार्च'
Jitu Patwari Slams Ruling Government: मध्य प्रदेश के जबलपुर में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कांग्रेस ने ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया. इसमें हजारों संख्या में लोग शामिल हुए. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट और पूर्व सांसद नकुलनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे. राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पटवारी ने कहा कि संस्कारधानी से कांग्रेस यह संदेश दे रही है कि अहंकार में डूबी सत्ता संवैधानिक संस्कारों का पालन करे.
‘कांग्रेस का निर्णायक संघर्ष जारी रहेगा’
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि जबलपुर में संविधान दिवस पर ‘संविधान रक्षा मार्च’ में उमड़ी अपार भीड़ बता रही है, जनता अपने संवैधानिक अधिकारों और वोट की रक्षा को लेकर पूरी तरह सजग और एकजुट है!
उन्होंने लिखा कि बाबा साहेब आंबेडकर की शिक्षाओं, लोकतांत्रिक विरासत, संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का निर्णायक संघर्ष जारी रहेगा
गोल बाजार से शुरू हुआ मार्च
‘संविधान रक्षा मार्च’ गोल बाजार से शुरू हुआ. सुपर मार्केट, अंधेरदेव, टाउन हॉल, तुलाराम चौक और मालवीय चौक होते हुए वापस गोल बाजार पहुंचा. इसे कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर देखा जा रहा है. इस दौरान पार्टी के बड़े-बड़े नेता एक साथ आए और एकजुटता दिखाई. मार्च में पीसीसी चीफ हाथ में संविधान की कॉपी लिए हुए दिखे.
उमंग सिंघार ने कसा तंज
विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया. सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि देश चलाने और संविधान की बात करने से पहले भाजपा नेताओं को बाबासाहब भीमराव अंबेडकर की किताब पढ़नी चाहिए.



